Since: 23-09-2009
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सह्याद्री ने 13 और 14 नवंबर 2026 को जापान समुद्री आत्मरक्षा बल (जेएमएसडीएफ) के साथ द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास जेएआईएमईएक्स 2026 में भाग लिया। इस अभ्यास से दोनों नौसेनाओं को समन्वित समुद्री गतिविधियों में भाग लेने और परिचालन सहयोग को मजबूत करने का अवसर मिला। अभ्यास के दौरान आईएनएस सह्याद्री ने जेएमएसडीएफ के जहाज जेएस इसे के साथ मिलकर कई समुद्री परिचालन गतिविधियों में भाग लिया। इनमें सामरिक युद्धाभ्यास, संचार अभ्यास और क्रॉस-डेक लैंडिंग शामिल थे। इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं को सटीक समन्वित अभियानों का अभ्यास करने और एक-दूसरे की प्रक्रियाओं तथा क्षमताओं को गहराई से समझने का अवसर मिला।
यह अभ्यास मुख्य रूप से परस्पर कार्य करने की क्षमता को सुदृढ़ करने, परिचालन समन्वय में सुधार और सहभागी इकाइयों के बीच आपसी समझ बढ़ाने पर केंद्रित रहा। इससे पेशेवर अनुभवों के आदान-प्रदान और दोनों नौसेनाओं के बीच स्थापित सहयोग को और मजबूत करने में भी मदद मिली।
जेएआईएमईएक्स 2026 में आईएनएस सह्याद्री की भागीदारी भारत और जापान के बीच गहरी होती समुद्री साझेदारी तथा दोनों नौसेनाओं के बीच निरंतर सहयोग को दर्शाती है। ऐसे अभ्यास आपसी विश्वास को मजबूत करने, परिचालन जानकारी बढ़ाने और समुद्री क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने में योगदान देते हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |