Since: 23-09-2009
भोपाल। क्राइम ब्रांच भोपाल ने एमपी नगर क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ एमडी की बिक्री के लिए आई महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14.19 ग्राम एमडी बरामद किया है। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी आरोपी को भी पकड़ लिया। बरामद एमडी की कीमत करीब 1,50,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देशों पर पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान और सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रभान सिंह चढार के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम अवैध मादक पदार्थों के तस्करों पर कार्रवाई कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एमपी नगर जोन-2 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने एक महिला एमडी बेचने आने वाली है। सूचना पर पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
महिला ने पूछताछ में अपना नाम श्रद्धा चौकीकर, उम्र 38 वर्ष, निवासी रेलवे कॉलोनी छिंदवाड़ा, हाल मुकाम भोपाल बताया। महिला आरक्षक की मौजूदगी में ली गई तलाशी में उसकी जैकेट की जेब से पारदर्शी पन्नी में सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला, जिसका वजन पन्नी सहित 14.19 ग्राम पाया गया। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत पदार्थ को जब्त कर सीलबंद कर लिया।
पूछताछ में श्रद्धा ने बताया कि वह पिछले 10 साल से भोपाल में रह रही है और नशे की आदी हो गई थी। उसने बताया कि दो दिन पहले वह राजेन्द्र राय के साथ उत्तर प्रदेश गई थी और वहां से एमडी लेकर आई थी। इसके बाद पुलिस ने साकेत नगर रीगल होटल के पास से राजेन्द्र राय को भी गिरफ्तार कर लिया।
राजेन्द्र राय उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम व थाना नरोजाबाद, जिला उमरिया का रहने वाला है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |