Since: 23-09-2009
भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को भोपाल में विशाल संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च के साथ ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ और ‘वोट रक्षक अभियान’ का शुभारंभ होगा।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित इस मार्च में प्रदेश के सभी जिलों से पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तय किए गए हैं। 22 नवंबर तक सभी जिलों में बैठकें होंगी और प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। मंडलम अध्यक्षों, बीएलए, बूथ समिति सदस्यों और युवा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
22 से 30 नवंबर तक वोट रक्षक बूथ स्तर पर हटाए गए मतदाताओं के नामों का सत्यापन करेंगे। सत्यापन की दैनिक रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम स्तर पर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ चौपाल’ आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से नागरिकों को मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
नायक ने जिला अध्यक्षों, प्रभारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक और मंडलम अध्यक्षों तथा मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों से अभियान को हर बूथ तक पहुंचाने की अपील की है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |