Since: 23-09-2009
विदिशा। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विदिशा में नाबालिग बच्चियों के साथ हुई घटनाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सरकार की पहली जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। पटवारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपने 18 साल के कार्यकाल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भी प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध शराब, नशे के कारोबार और अपराधियों को संरक्षण मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। पटवारी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए। दोनों मामलों में समान कार्रवाई क्यों नहीं हुई, यह सरकार को स्पष्ट करना होगा।
पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक मामले में एफआईआर दर्ज करने में देरी हुई और पीड़ित परिवार के आरोपों के बावजूद कार्रवाई सीमित दिखाई दे रही है। उन्होंने वीडियो फुटेज सहित सभी साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार कर्ज, करप्शन, कमीशन और क्राइम के सहारे चल रही है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने के वादे को लेकर भी सरकार पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को विधानसभा में उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |