Since: 23-09-2009
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने गोपाष्टमी के अवसर पर कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। गौसेवा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बीमार, घायल, वृद्ध और बेसहारा गोवंश की देखभाल करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राज्यपाल मंगलवार को विश्वगीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम, परसदा, कुम्हारी पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने गौधाम में पक्षी घर का लोकार्पण किया।
उन्होंने गौशाला का भ्रमण कर गौमाता को चारा खिलाया। राज्यपाल ने कहा कि सड़कों पर बढ़ते यातायात के कारण गोवंश के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। घायल गोवंश को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए गौ अस्पताल और रेस्क्यू सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि गोबर से बायोगैस और जैविक खाद को बढ़ावा देने से पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से गौशालाओं में जाकर गौसेवा में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधायक संपत अग्रवाल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गौसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |