Since: 23-09-2009
भोपाल। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुल निर्माण के लिए 25 करोड़ 17 लाख 85 हजार रुपये से अधिक के कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों से जैसीनगर और राहतगढ़ ब्लॉक के लगभग 150 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत इन कार्यों में कुल सात निर्माण कार्य शामिल हैं। इनमें छह सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 13.35 किलोमीटर है। इसके अलावा धसान नदी पर एक पुल निर्माण कार्य भी स्वीकृत हुआ है।
जैसीनगर ब्लॉक में ग्राम तोड़ातर्फदार से बड़े देव बाबा पहुंच मार्ग, ग्राम महुआखेड़ा से हिनोतिया भुजपता मार्ग और ग्राम बड़ेरा से बदबदी पहुंच मार्ग को स्वीकृति मिली है। राहतगढ़ ब्लॉक में ग्राम टीला बुजुर्ग से हरवंशपुरा तिगड्डा मार्ग, ग्राम बटयावदा से खेरोदा मार्ग, सीहोरा से खेरापति भड़ुआ मार्ग और हीरापुर-रामछायरी मार्ग पर धसान नदी में पुल निर्माण का कार्य स्वीकृत किया गया है।
धसान नदी पर पुल बनने से वर्षा के मौसम में आवागमन की परेशानी कम होगी। सड़क और पुल निर्माण से किसानों को उपज मंडी तक पहुंचने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
इन कार्यों की स्वीकृति से परगासपुरा, मोचल, तेंदूडाबर, बदबदी, सेमाढाना, सत्ताढाना, पडरई, सीहोरा, सेमराघाट, गंभीरिया, हंसरई, मोहारा, सिंगारचैरी, ढकरई, मूड़री, सेवन, ताजपुर, करहद, कोरंजा, मेहंगोद, बटयावदा, रमपुरा, खेरोंदा, बासौदा, रूसल्ला, पचमा, साईखेड़ा, झिला, तोड़ा तरफदार, टीलाबुजुर्ग, पीपरा, करैया हजारी, रामछायरी, सेमराचरखरा, गुनगुचा, बसियाभौती, बरौदियावल्लभ, रूपउ, मानकचैक, ढगरानिया, मनेशिया और हरवंशपुरा सहित लगभग 150 गांवों के लोगों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |