Since: 23-09-2009
मोहाली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मोहाली जिले के बदरपुर गांव में आयोजित 'खेत बचाओ अभियान' में भाग लिया। उन्होंने पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 254.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति का पत्र सौंपा। साथ ही 98.44 करोड़ रुपये की लागत वाली 7 नई कृषि परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई।
चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य में सरकारें अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन किसानों की सेवा दोनों का साझा धर्म है। उन्होंने पंजाब के किसानों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब के जवानों ने देश की रक्षा की है और किसानों ने देश के अन्न भंडार भरे हैं।
खाद की कालाबाजारी और टैगिंग पर सख्त चेतावनी देते हुए चौहान ने कहा कि खाद के साथ अन्य उत्पाद थोपने वालों की जगह सिर्फ जेल होगी। उन्होंने नकली खाद, बीज और घटिया कीटनाशकों पर रोक लगाने के लिए नया और कड़ा पेस्टिसाइड कानून लाने की घोषणा की।
चौहान ने बताया कि यूरिया के विकल्प के रूप में 10,000 हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रीन अमोनिया का प्रयोग शुरू किया गया है। मोहाली में उन्होंने इसका लाइव डेमोंस्ट्रेशन देखा। उन्होंने किसानों से मिट्टी की जांच कराकर आवश्यकता अनुसार ही खाद डालने की अपील की।
पराली प्रबंधन पर उन्होंने कहा कि हैप्पी सीडर और डायरेक्ट सीडिंग से समय, पानी और लागत की बचत होती है। पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाने के लिए उन्होंने पंजाब के किसानों को बधाई दी।
उन्होंने फसल विविधीकरण और इंटीग्रेटेड फार्मिंग पर जोर देते हुए कहा कि इससे छोटे किसानों की आय बढ़ेगी। शहद उत्पादकों के लिए हनी बोर्ड की विशेष बैठक बुलाने और जैविक उत्पादों के प्रमाणन को सरल बनाने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |