Since: 23-09-2009
रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को बिलासपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों द्वारा लगाए गए विभिन्न फूड स्टॉल्स का भ्रमण किया और वहां तैयार किए जा रहे उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया को नजदीक से देखा। स्टॉल्स पर उन्होंने हितग्राहियों से आत्मीयता से चर्चा करते हुए उनकी बिक्री, आमदनी और कारोबार विस्तार से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से मिले आर्थिक सहयोग से हितग्राही अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ-साथ दूसरों के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार कर रहे हैं।
भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अन्य अतिथियों के साथ कुल्हड़ में चाय, गुपचुप और फरा का स्वाद भी लिया। स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेते हुए उन्होंने स्टॉल संचालकों का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
महोत्सव में आयोजित ‘कुल्हड़ पर चौपाल’ कार्यक्रम में साव ने पीएम स्वनिधि योजना की महिला लाभार्थियों के साथ मिट्टी के कुल्हड़ में चाय पीते हुए संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से उनके व्यवसाय, अनुभवों और योजना से मिले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। सहज और आत्मीय वातावरण में हुई इस चर्चा को लेकर महिला हितग्राही काफी उत्साहित नजर आईं।
कार्यक्रम के माध्यम से मिट्टी के कुल्हड़ के उपयोग को बढ़ावा देते हुए स्थानीय परंपरा को प्रोत्साहित करने और प्लास्टिक के विकल्प अपनाने का संदेश भी दिया गया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |