Since: 23-09-2009
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को पुराना बस स्टैंड परिसर में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से विकसित इस पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इस सुविधा के शुरू होने से शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक पार्किंग मिलेगी। सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न यातायात दबाव भी कम होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बढ़ते शहरीकरण के साथ पार्किंग और यातायात प्रबंधन की चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। सीमित स्थान में अधिकतम पार्किंग सुविधा देने वाली यह परियोजना शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
भूतल सहित पांच मंजिला इस पार्किंग भवन में प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक तल पर 20 कारों की व्यवस्था की गई है। भूतल पर वाहनों के प्रवेश, निकास और स्वचालित संचालन के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की गई है।
इस पार्किंग की सबसे बड़ी विशेषता इसकी शटल तकनीक है। वाहन चालक को केवल भूतल पर निर्धारित प्रवेश बे में कार खड़ी कर बाहर आना होगा। इसके बाद स्वचालित प्रणाली के माध्यम से एलिवेटर कार को निर्धारित तल तक पहुंचाएगा और शटल रोबोटिक उपकरण उसे उपलब्ध स्लॉट में खड़ा कर देगा। वाहन वापस लेने पर प्रणाली कार को भूतल स्थित निकास बे तक पहुंचा देगी।
परियोजना के अंतर्गत दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित नियंत्रण और निगरानी की व्यवस्था की गई है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |