Since: 23-09-2009
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया विभाग की बैठक को संबोधित किया। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए शिवप्रकाश ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। जनता सड़क पर अराजकता फैलाने वालों की मानसिकता भलीभांति समझती है और चुनाव में उसका जवाब देगी। विपक्षी दल गलत नैरेटिव बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाते हैं। इसलिए भाजपा मीडिया विभाग के सभी साथी तथ्यों के साथ विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश कर जनता तक सच्चाई पहुंचाने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से देश में अद्वितीय कार्य किए गए हैं। सभी क्षेत्रों में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार ने देश के कई गंभीर विषयों का स्थायी समाधान किया है और भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में मीडिया विभाग के सभी साथी सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।
शिवप्रकाश ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश सरकार के कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाकर यह बताया जाए कि भाजपा सरकार ही विकास कर सकती है। वर्षों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे गलत नैरेटिव बनाकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं। देश और मध्यप्रदेश की जनता विपक्षी दलों की मानसिकता को समझती है और उन्हें जवाब भी देती है।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित दल है। पार्टी की विचारधारा को और मजबूत करने और आगे बढ़ाने के लिए मीडिया विभाग और मजबूती के साथ कार्य करे। मीडिया विभाग पार्टी का चेहरा होता है। सभी साथी भाजपा सरकार के कार्यों और संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि मीडिया विभाग के साथी केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों, उपलब्धियों और संगठन के कार्यों को जनता तक पहुंचा रहे हैं। सभी साथी विषयों का पूरा अध्ययन कर पार्टी का पक्ष जनता तक पहुंचाएं। विपक्ष झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास करता है, लेकिन हमें तथ्यों के साथ उनके मनगढ़ंत आरोपों और झूठे नैरेटिव का पर्दाफाश करना है।
खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार की योजनाओं को आंकड़ों के साथ जनता को बताएं कि भाजपा विकास की राजनीति करती है। विचारधारा को स्थापित करने और जनता की सेवा के लक्ष्य के साथ सभी अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने किया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |