Since: 23-09-2009
भोपाल। भोपाल शहर में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम लगाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला द्वारा लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। इन निर्देशों के तहत शहर में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त अपराध अनिल पाटे, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान और सहायक पुलिस आयुक्त चन्द्रभान सिंह चढार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच अशोक मरावी और उनकी टीम को शहर में अवैध मादक पदार्थों के तस्करों की तलाश, पतारसी और निगरानी में लगाया गया था। टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
इसी दौरान थाना क्राइम ब्रांच की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। विश्वसनीय मुखबिर ने थाना क्राइम ब्रांच में उपस्थित होकर सूचना दी कि वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास एक संदिग्ध महिला खड़ी है। मुखबिर के अनुसार उक्त महिला के पास अवैध मादक पदार्थ एमडी रखा हुआ है और वह किसी ग्राहक को इसकी डिलीवरी देने के लिए वहां पहुंची है। सूचना में यह भी बताया गया कि यदि तत्काल घेराबंदी कर महिला को नहीं पकड़ा गया तो वह मादक पदार्थ बेचकर मौके से निकल सकती है या उसे कहीं इधर-उधर कर देगी।
सूचना को अत्यंत विश्वसनीय मानते हुए थाना क्राइम ब्रांच की टीम तत्काल रवाना होकर वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास पहुंची। वहां पुलिस टीम को बताए गए हुलिए से मिलती-जुलती एक महिला खड़ी दिखाई दी। पुलिस स्टाफ ने बिना देरी किए तत्परता के साथ घेराबंदी कर महिला को पकड़ा और पूछताछ शुरू की। पूछताछ में महिला ने अपना नाम साजिया आलम, पिता स्वर्गीय मेहमूद आलम, उम्र 33 वर्ष बताया। उसने अपना मूल निवास बेगमगंज चमनगंज, थाना आर्य नगर, कानपुर उत्तर प्रदेश और वर्तमान निवास इंद्र विहार कॉलोनी, लालघाटी, थाना कोहेफिजा भोपाल बताया।
पुलिस टीम द्वारा संदेहिया साजिया आलम की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसने अपने गले में डले दुपट्टे की एक गांठ खोलकर एक पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी पुलिस को दी। पन्नी में रखे पीले रंग के पाउडरनुमा पदार्थ के संबंध में पूछने पर आरोपी महिला ने उक्त पदार्थ को अवैध मादक पदार्थ एमडी होना स्वीकार किया। मौके पर मादक पदार्थ का वजन किया गया, जो कुल 4.66 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से एमडी ड्रग्स बरामद कर जप्त किया।
इसके अलावा तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लायरों, खरीददारों और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी खंगालने के लिए आरोपी महिला का मोबाइल फोन भी पुलिस द्वारा जप्त किया गया है। मोबाइल फोन की जांच से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किससे मादक पदार्थ प्राप्त करती थी और किन लोगों को इसकी आपूर्ति करती थी।
आरोपी साजिया आलम के विरुद्ध थाना क्राइम ब्रांच में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है और पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार आरोपी एमए शिक्षित है और पत्रकारिता से जुड़ी हुई बताई गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजकिशोर मिश्रा, उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, उपनिरीक्षक चन्द्रमोहन मिश्रा, आरक्षक बृजमोहन व्यास, आरक्षक निलेश वर्मा, आरक्षक विजय सेंगर, आरक्षक धीरेन्द्र यादव, आरक्षक रणधीर सिंह, महिला आरक्षक पूजा यादव और महिला आरक्षक मुस्कान लामा की सराहनीय भूमिका रही।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |