Since: 23-09-2009
ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर में यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 के शुभारंभ अवसर पर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि युवा ही देश और समाज में परिवर्तन लाते हैं। यह समय सबके जागने और समाज को जगाने का है। देवोत्थान एकादशी पर हम सभी नए विचारों और नए संकल्पों के साथ जागृत हों।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे युवा देश है और यह हमारी पूंजी है। युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति फोकस्ड होने और प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने के लिए खुद को योग्य बनाना होगा। इसके लिए उन्हें सही दिशा दिखाना आवश्यक है, और यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 का उद्देश्य भी यही है।
उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय इस आयोजन में भारतीय ज्ञान परम्परा, दर्शन सहित 300 से अधिक विषयों पर वैचारिक मंथन होगा। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में आयोजित आठवें संस्करण में देश के 26 राज्यों से चयनित लगभग 350 युवा विद्वान, अचीवर्स, कलाकार और लेखक भाग ले रहे हैं। इन युवाओं के विचार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को सिद्ध करेंगे।
मुख्यमंत्री ने लेखक श्रीकृष्ण श्रीवास्तव की पुस्तक 'अल्लामा इक़बाल के दो चेहरे' का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा, योग्यता, कौशल, हुनर, नवाचारी सोच और कार्य दक्षता का उपयोग मध्यप्रदेश के विकास में करने के लिए उन्हें हरसंभव अवसर दिए जाएंगे। अगले वर्ष को युवा वर्ष घोषित किया गया है और युवा कल्याण के लिए योजनाबद्ध रूप से प्रयासों को और गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वसुधैव कुटुम्बकम का भाव है, जो सबको जोड़ती है। भारतीय संस्कृति का प्रभाव संयुक्त राष्ट्र के निर्णयों पर भी दिखाई देता है, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिलना है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर मंदिर स्थापत्य, बंगाल नरसंहार और भारतीय विचारकों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और पुस्तक मेले का शुभारंभ कर ज्ञानवर्धक पुस्तकें खरीदीं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |