Since: 23-09-2009
उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा रविवार को ललितपुर से आगे बढ़ी। यात्रा के 29वें दिन चंद्रापुर चौराहा स्थित सिद्धबाबा स्थान से पदयात्रा शुरू हुई। शुरू में धर्मरथ में विराजमान रामलला सरकार, पार्थिव शिवलिंग और पवित्र नदियों के जल कलशों का पूजन-अभिषेक और आरती हुई। फिर तिरंगा फहराकर सलामी दी गई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और झांसी के पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव भी यात्रा में शामिल हुए और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ कदम से कदम मिलाकर चले।
पदयात्रा सुनौरी, राधापुर जोड़, करैंगा जोड़, हिंगौरा, विजयपुरा ढाबा होते हुए आगे बढ़ी। विजयपुरा ढाबा पर भोजन-विश्राम के बाद यात्रा विजयपुरा चमरोला, विजयपुरा और ग्राम पूराकलां होते हुए शंकरगढ़ के भोले बाबा मंदिर पहुंची। रात का विश्राम और भोजन पूराकलां में ही रखा गया।
ललितपुर में पांच दिन के प्रवास के समापन पर दिग्विजय सिंह ने लोगों का आभार जताया। उन्होंने गुड्डू राजा बुंदेला का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि पांच दिनों तक जैसा आत्मीय स्वागत-सत्कार हुआ, वह अविस्मरणीय है। ऐसा लगा जैसे घर बारात आई हो। कांग्रेस और सपा के नेताओं-कार्यकर्ताओं का भी उन्होंने आभार जताया।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा वोट चोरी के खिलाफ लोकतंत्र की रक्षा और चंदा चोरी के खिलाफ सनातन आस्था के सम्मान का संकल्प है। वोट की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था दोनों का सम्मान जरूरी है। उन्होंने वोट चोरी और मंदिरों के दान-चढ़ावे में हेराफेरी की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और ईवीएम की जगह मतपत्र से मतदान की मांग की।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म अनंत, शाश्वत और सर्वसमावेशी है। यह तोड़ने नहीं, जोड़ने का संदेश देता है। सनातन सत्य, करुणा, प्रेम, सहिष्णुता और सद्भाव सिखाता है। नफरत नहीं प्रेम, विभाजन नहीं एकता, भेदभाव नहीं समभाव ही सनातन की ताकत है।
यात्रा 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई थी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |