Since: 23-09-2009

  Latest News :
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण से की सौजन्य भेंट.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की सौजन्य भेंट.   गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर संयुक्त कार्यशाला संपन्न, बोले शिवराज - आपने योजनाएं नहीं, देश बनाया है.   नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रपति मुर्मु से की मुलाकात.   जिसके पास कौशल है, उसकी नौकरी कोई नहीं छीन सकता : लखनऊ में बोले प्रधानमंत्री मोदी.   49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर, कृषि-ग्रामीण विकास की भूमिका पर दिल्ली में होगा महामंथन.   गंधवानी में उमंग सिंघार के मिलन समारोह में दिखा अपार स्नेह.   भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कूटरचित वीडियो प्रसारित करने पर साइबर क्राइम थाने में शिकायत.   यौन हिंसा से पीड़ित बच्चों का संबल बनेंगी ‘शौर्या दीदी’.   जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर भोपाल में राज्य स्तरीय सम्मेलन.   कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट के तीसरे संस्करण का हुआ शुभारंभ.   टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर सभी छात्रावासों में होंगे संवाद कार्यक्रम.   पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति.   पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रमुख योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश.   देश की विविधता ही सबसे बड़ी ताकत : उप मुख्यमंत्री अरुण साव.   धनोरा में सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय.   धनोरा में मुख्यमंत्री साय ने दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात.   मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से पटवारियों की हड़ताल स्थगित.  
पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रमुख योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 25 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय, महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में जारी धान खरीदी के दौरान किसानों से प्राप्त रकबा कम होने संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी कलेक्टरों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें प्राप्त होने पर कलेक्टर स्वयं जांच कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

मुख्यमंत्री ने खाद्य विभाग के अंतर्गत सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाई जाए। रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में इस दिशा में सराहनीय कार्य हो रहा है, जबकि कुछ जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने कम प्रगति वाले जिलों के कलेक्टरों को योजना के क्रियान्वयन में विशेष रुचि लेने और कार्यों को गंभीरता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एलपीजी की तुलना में पीएनजी की किफायत, सुरक्षा एवं उपयोगिता संबंधी लाभों से आम नागरिकों को अवगत कराया जाए। उन्होंने जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों के लिए संचालित सामुदायिक रसोईघरों, सर्किट हाउस सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।

 

मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की यह अत्यंत महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी योजना है। सभी कलेक्टर इस योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों में तेजी लाएं तथा मासिक समीक्षा कर समयबद्ध ढंग से लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिन ठेकेदारों ने कार्य पूर्ण कर लिया है, उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। बेहतर कार्य करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित करें तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करें।

 

मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में संचालित जल प्रदाय योजनाओं एवं सीवेज परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली और कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

 

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व लंबित कार्रवाई पूर्ण करने तथा आवश्यक प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को प्रेषित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 700 सुधारों को शामिल किया गया है, जिनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को इन सुधारों के लाभों एवं प्रभावों की जानकारी दी जाए। साथ ही इन सुधारों से प्राप्त परिणामों का भी नियमित मूल्यांकन किया जाए, ताकि प्रदेश में उद्योगों के लिए और अधिक अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।

 

मुख्यमंत्री साय ने सेवा सेतु एवं सीएम हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। नागरिकों को घर बैठे शासकीय सेवाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का सुगमता से निराकरण हो, इसके लिए इन व्यवस्थाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां के कलेक्टर अपने जिले की स्थिति की समीक्षा करें। सभी महत्वपूर्ण मिशनों एवं योजनाओं को समय-सीमा की बैठकों में शामिल कर उनकी नियमित समीक्षा करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता बरतें और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।

 

पारस पोर्टल की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

MadhyaBharat 25 November 2026

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.