Since: 23-09-2009
भोपाल, 25 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनजातीय नायकों का शौर्य और बलिदान देश की अमूल्य विरासत है। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना राज्य सरकार का संकल्प है। इंडियन राबिनहुड' के नाम से विख्यात क्रांतिसूर्य टंट्या भील (टंट्या मामा) के बलिदान दिवस 4 दिसंबर को प्रदेश के सभी छात्रावासों में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थी जनजातीय नायकों के अदम्य साहस, संघर्ष और राष्ट्र के लिए उनके अतुलनीय योगदान पर परस्पर संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टंट्या मामा का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, मातृभूमि के प्रति समर्पण और अदम्य साहस का प्रतीक है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अंग्रेजी हुकूमत को कड़ी चुनौती दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की प्रेरणा देता रहेगा।
टंट्या मामा को अंग्रेजों ने राष्ट्रद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया और 4 दिसंबर 1889 को तत्कालीन जब्बलपुर (वर्तमान जबलपुर) में फांसी दे दी थी। उनकी शहादत ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा और गति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय वीरों के योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी तक उनकी गौरवगाथा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी भावना से खरगौन में टंट्या मामा के नाम पर 'क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय' की स्थापना की गई है। जनजातीय युवाओं को रोजगार प्रोत्साहन और आर्थिक स्वावलंबन के अवसर देने के लिए 'टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना' भी संचालित की जा रही है।
हाल ही में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन कर सभी जनजातीय महानायकों को याद किया गया था। टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर संवाद कार्यक्रम इसी संकल्प का हिस्सा हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |