Since: 23-09-2009
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि पीएम जन मन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना की सफलता के लिए एकल प्रयास पर्याप्त नहीं है। योजनाओं के कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी पंचायत पदाधिकारी, तहसीलदार और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से लेकर क्षेत्र के सभी अधिकारी-कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्यपाल पटेल बुधवार को लोकभवन के संदीपनी सभाकक्ष में जनजाति प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पीएम जन मन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना में महिला एवं बाल विकास विभाग की भूमिका की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, जनजातीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दीपक खांडेकर, महिला एवं बाल विकास आयुक्त संदीप जी.आर., जनजातीय प्रकोष्ठ की सचिव मीनाक्षी सिंह सहित अधिकारी मौजूद थे।
*प्रवासी श्रमिकों के बच्चों पर विशेष ध्यान दें*
राज्यपाल ने कहा कि लक्षित समुदाय के उत्थान के लिए अंतर्विभागीय समन्वय के साथ चुनौतियों का समाधान खोजा जाए और क्रियान्वयन की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। प्रवासी श्रमिक परिवारों के बच्चों के पोषण के साथ ही शिक्षा की भी चिंता की जानी चाहिए। उनके लिए छात्रावास जैसी पहल पर विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए छोटी-छोटी व्यावहारिक बातों पर भी ध्यान देना बहुत जरूरी है। कई बार उनकी उपेक्षा बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है। इसलिए कार्यों की समीक्षा बारीकी से की जानी चाहिए।
*आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन जरूरी*
राज्यपाल ने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन जरूरी है। केंद्रों तक बारहमासी पहुंच सुनिश्चित की जाए। आंगनबाड़ी भवनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए ग्रामीण विकास विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग संयुक्त निरीक्षण की पहल करें।
उन्होंने अति पिछड़ी जनजातीय समुदाय की महिलाओं को मिलने वाली आहार, अनुदान और लाडली बहन जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
*पोषण में नवाचार*
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि विभाग पोषण प्रयासों में निरंतर नवाचार कर रहा है। झाबुआ में आयुष तेल के माध्यम से बच्चों की मालिश के बहुत अच्छे परिणाम मिले हैं। प्रवासी श्रमिक परिवार की माता और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने श्रीअन्न को पोषण आहार में उपयोग के लिए सभी जिलों में उसकी उपलब्धता पर चर्चा की।
आयुक्त संदीप जी.आर. ने विभाग द्वारा किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |