Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश प्राकृतिक खेती और श्रीअन्न उत्पादन में अग्रणी बन रहा है। पिछले तीन सालों में प्रदेश से कोदो, कुटकी और समां का 5 अरब 50 करोड़ रुपये मूल्य का निर्यात हुआ है। यूएई, यूएस और यूरोप के देशों में श्रीअन्न की मांग तेजी से बढ़ी है। श्रीअन्न में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन-बी, कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम भरपूर होता है। औषधीय गुणवत्ता और पौष्टिकता के कारण दुनिया फिर से श्रीअन्न की ओर लौट रही है। यह अब किसानों के लिए आर्थिक लाभ देने वाली फसल बन गया है।
*साल-दर-साल बढ़ा निर्यात*
2024-25 में कुटकी, कोदो और समां का 1 अरब 83 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ। इसमें 49.30 करोड़ की कुटकी, 1 अरब 26 करोड़ का कोदो और 7.48 करोड़ की समां शामिल थी।
2025-26 में यह निर्यात बढ़कर 2 अरब 24 करोड़ 32 लाख रुपये हो गया। इसमें 94.54 करोड़ की कुटकी, 1 अरब 19 करोड़ का कोदो और 10.1 करोड़ की समां शामिल थी।
वर्ष 2026 में अब तक मंडियों से 1 अरब 42 करोड़ 55 लाख रुपये मूल्य की फसलों का निर्यात हुआ है। इसमें 55.54 करोड़ की कुटकी, 78.86 करोड़ का कोदो और 8.14 करोड़ की समां शामिल है।
*रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना*
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनजातीय क्षेत्र के किसानों को लाभ देने के लिए रानी दुर्गावती श्रीअन्न उत्पादन प्रोत्साहन योजना चल रही है। इसमें 16 जिलों में पहली बार श्रीअन्न की खरीदी हो रही है। ये जिले हैं - जबलपुर, कटनी, मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, बालाघाट, सिवनी, सीधी और सिंगरौली।
योजना में किसानों से कोदो-कुटकी की खरीदी पर 1000 रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। 15,000 से ज्यादा किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनका 21,000 हेक्टेयर क्षेत्र शामिल है।
सरकार ने कुटकी का खरीदी रेट 3500 से बढ़ाकर 3600 रुपये प्रति क्विंटल और कोदो का रेट 2500 से बढ़ाकर 2600 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इस बार 32,500 मीट्रिक टन मिलेट खरीदी की तैयारी है। पिछले साल 3,000 मीट्रिक टन खरीदी हुई थी।
*जनजातीय क्षेत्रों में बढ़ रहा उत्पादन*
मुख्य रूप से कोदो-कुटकी मंडला, जबलपुर, डिंडोरी, बालाघाट, कटनी, छिंदवाड़ा, पांडुर्ना और सिवनी में उगाई जाती है। डिंडोरी में 19 हजार हेक्टेयर, उमरिया में 12,700 हेक्टेयर, मंडला में 12 हजार हेक्टेयर, शहडोल में 10,000 हेक्टेयर, जबलपुर में 7,500 हेक्टेयर और कटनी में 6,500 हेक्टेयर में कोदो-कुटकी होती है।
*सिताही और नागदमन कुटकी को जीआई टैग*
मध्यप्रदेश की सिताही कुटकी और नागदमन कुटकी को जीआई टैग प्राप्त है। सिताही कुटकी 60 दिन की कम अवधि वाली देशी किस्म है। यह वर्षा-आधारित क्षेत्रों और देर से बुवाई के लिए उपयुक्त है। यह सूखा, नमी की कमी, कीट और बीमारियों का सामना करने में सक्षम है।
डिंडोरी में 10,395 हेक्टेयर में सिताही कुटकी की खेती बढ़ी है और 10-11 क्विंटल प्रति हेक्टेयर स्थिर पैदावार मिल रही है। इससे लगभग 60,000 आदिवासी किसानों की आजीविका, भोजन और पोषण सुरक्षा में मदद मिली है। डिंडोरी के 54 गांवों के किसानों को लाभ हुआ है।
नागदमन कुटकी डिंडोरी में उगाई जाने वाली विशिष्ट स्थानीय किस्म है, जो औषधीय गुणों और उच्च पोषण मूल्य के लिए जानी जाती है। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर सिताही कुटकी का राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांड नाम स्थापित करने की तैयारी कर रहा है।
*कुपोषण दूर करने में मिलेट*
श्योपुर जिले में जनजातीय बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए मिलेट आधारित व्यंजनों का उपयोग किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेट व्यंजन बनाने की जानकारी दी गई है। जिले में 130 एकड़ में कोदो-कुटकी की खेती हो रही है और करीब 200 किसान जुड़े हैं। इससे 2,000 बच्चों का पोषण स्तर बढ़ा है।
डिंडोरी के समनापुर ब्लॉक में 32 गांवों की 1,250 महिला किसान कोदो-कुटकी उत्पादन से जुड़ी हैं। प्रत्येक महिला किसान के पास औसत ढाई एकड़ खेती है। पिछले दो सालों में उत्पादन बढ़ा है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |