Since: 23-09-2009
गंधवानी। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और गंधवानी विधायक उमंग सिंघार की ओर से गंधवानी में आयोजित दीपावली एवं नववर्ष 2027 मिलन समारोह में हजारों लोग शामिल हुए। गंधवानी विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों और कार्यकर्ताओं की भीड़ से कार्यक्रम स्थल खचाखच भरा नजर आया। समारोह स्थल पर पहुंचने पर लोगों ने ढोल-मांदल की थाप पर पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ उमंग सिंघार का आत्मीय स्वागत किया। अपने नेता से मिलने और बात करने को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। समारोह के दौरान सिंघार ने लोगों से मुलाकात की और सामूहिक भोज में भी शामिल हुए।
इस अवसर पर सिंघार ने कहा कि गंधवानी विधानसभा परिवार के बीच दीपावली और नववर्ष मिलन समारोह में मिला स्नेह, आत्मीयता और अपनत्व हमेशा याद रहेगा। खुशियों के इस मिलन ने रिश्तों को और मजबूत किया है।
लोगों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज मैं प्रदेश का नेता प्रतिपक्ष हूं तो इसके पीछे गंधवानी की जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास और आशीर्वाद है। आप लोगों ने जो ताकत दी है, उसी के बल पर मैं गंधवानी के साथ पूरे प्रदेश के लोगों की आवाज को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठा रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं कहीं भी रहूं, गंधवानी मेरे दिल में बसता है। गंधवानी मेरा परिवार है और यहां के लोगों का प्यार और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।
हजारों लोगों की मौजूदगी और पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के रंग ने आयोजन को उत्साह और आत्मीयता से भर दिया। यह मिलन समारोह आपसी स्नेह, विश्वास और अपनत्व का यादगार अवसर बन गया। इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक भंवरसिंह शेखावत, प्रताप ग्रेवाल, राष्ट्रीय सचिव पोरलाल खरते, जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी समेत कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |