Since: 23-09-2009
नई दिल्ली।भारत को टेलीकॉम टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दूरसंचार विभाग के प्रमुख अनुसंधान केंद्र सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) ने IIT वाराणसी (BHU) के साथ मिलकर देश का छठा उत्कृष्टता केंद्र (CoE) स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह CoE पूरी तरह से अगली पीढ़ी की तकनीकों पर फोकस करेगा।
*इस सेंटर में इन 5 प्रमुख क्षेत्रों पर काम होगा:*
1. *5G एडवांस्ड / 6G टेक्नोलॉजी*
2. *कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कम्युनिकेशन*
3. *क्वांटम प्रौद्योगिकी और पोस्ट-क्वांटम संचार*
4. *साइबर सुरक्षा*
5. *उन्नत वायरलेस सिस्टम और Massive MIMO, इंटीग्रेटेड सेंसिंग*
*उद्देश्य क्या है?*
इस सहयोग का मुख्य लक्ष्य शैक्षणिक रिसर्च को इंडस्ट्री की जरूरतों से जोड़ना है। C-DOT की तकनीकी विशेषज्ञता और IIT-BHU की शैक्षणिक क्षमता मिलकर स्वदेशी टेलीकॉम इनोवेशन को बढ़ावा देंगी। इससे स्टूडेंट्स, प्रोफेसर्स और वैज्ञानिकों को एक साथ मिलकर रिसर्च करने और कुशल पेशेवरों का नेटवर्क तैयार करने के लिए एक समर्पित प्लेटफॉर्म मिलेगा।
MoU पर C-DOT के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार दलेला और IIT (BHU) के निदेशक प्रोफेसर अमित पात्रा ने हस्ताक्षर किए।
C-DOT के CEO डॉ. राजकुमार उपाध्याय ने कहा, "यह सिर्फ एक रिसर्च प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि भारत की भावी प्रौद्योगिकी क्षमताओं में निवेश है। भविष्य का संचार AI, क्वांटम और इंटेलिजेंट नेटवर्क से तय होगा।"
IIT-BHU के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि इससे छात्रों को टेलीकॉम की वास्तविक चुनौतियों पर काम करने और आत्मनिर्भर भारत में योगदान का मौका मिलेगा।
बता दें, इससे पहले C-DOT ने IIT कानपुर, IIT गांधीनगर, IIT रुड़की, IIT हैदराबाद और IISC बेंगलुरु के साथ ऐसे 5 उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए हैं। वाराणसी के जुड़ने से अब इनकी संख्या 6 हो गई है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |