Since: 23-09-2009
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम, ऑनलाइन धोखाधड़ी में इस्तेमाल हो रहे बैंक खातों की पहचान और साइबर अपराधियों के नेटवर्क को उजागर करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में इंदौर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक प्रकरण में पीड़ित से ठगी गई 70 हजार रुपये की पूरी राशि वापस दिलाई है। वहीं ऑपरेशन MATRIX 2.0 के तहत इंदौर एवं खण्डवा पुलिस ने तीन संदिग्ध बैंक खातों की पहचान कर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए हैं।
इंदौर में पीड़ित को ठगी गई 70 हजार रुपये की पूरी राशि वापस दिलाई
इंदौर निवासी एक व्यक्ति को सोलर प्लांट का बिजनेस पार्टनर बनाने का प्रस्ताव देकर 70 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई थी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने सोलर प्लांट के उपकरण 33 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था। इस आधार पर पीड़ित ने पार्टनरशिप शुल्क के रूप में 70 हजार रुपये जमा किए, लेकिन बाद में कंपनी ने निर्धारित दर से मुकरते हुए 60 हजार रुपये प्रति किलोवाट की मांग की। पीड़ित द्वारा असहमति जताकर रकम वापस मांगने पर न तो उपकरण दिए गए और न ही राशि लौटाई गई।
शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच इंदौर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय किया। पुलिस के प्रयासों से न्यायालय के आदेश के माध्यम से पीड़ित को ठगी गई 70 हजार रुपये की संपूर्ण राशि वापस दिलाई गई।
ऑपरेशन MATRIX 2.0 : इंदौर में चार राज्यों से जुड़े संदिग्ध लेन-देन का खुलासा
ऑपरेशन MATRIX 2.0 के तहत थाना कनाड़िया पुलिस, इंदौर ने साइबर अपराधों में इस्तेमाल हो रहे एक म्यूल बैंक खाते की पहचान की। I4C पोर्टल पर उपलब्ध शिकायतों एवं संदिग्ध लेन-देन के विश्लेषण में सामने आया कि संबंधित खाते के माध्यम से दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश एवं तेलंगाना में दर्ज चार साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े लेन-देन हुए हैं। जांच के आधार पर खाताधारक महिला के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
खण्डवा में दो म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध कार्रवाई
ऑपरेशन MATRIX 2.0 के अंतर्गत खण्डवा पुलिस ने साइबर अपराधों में इस्तेमाल हो रहे दो म्यूल बैंक खातों की पहचान कर तीन आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए हैं। जांच में थाना कोतवाली क्षेत्र के एक तथा थाना छेगांव माखन क्षेत्र के एक बैंक खाते का साइबर अपराधों में इस्तेमाल होना सामने आया। पुलिस दोनों प्रकरणों में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
क्या होते हैं म्यूल बैंक खाते
साइबर अपराधी अपनी पहचान छिपाने और ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित करने के लिए ऐसे खातों का इस्तेमाल करते हैं, जिन्हें आर्थिक प्रलोभन देकर किराये पर लिया जाता है अथवा खाताधारकों को गुमराह कर उनके खातों का उपयोग किया जाता है। ऐसे खातों को म्यूल बैंक खाते कहा जाता है। ऑपरेशन MATRIX 2.0 के माध्यम से मध्यप्रदेश पुलिस ऐसे खातों की पहचान कर उनके संचालकों एवं साइबर अपराधों से जुड़े नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है।
मध्यप्रदेश पुलिस की नागरिकों से अपील
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को आर्थिक लाभ के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई की जानकारी उपलब्ध न कराएं। अपने बैंक खाते का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति के लेन-देन के लिए न होने दें। ऑनलाइन निवेश, डीलरशिप, फ्रेंचाइजी अथवा बिजनेस पार्टनरशिप के आकर्षक प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले संबंधित कंपनी की विश्वसनीयता एवं वैधानिकता की जांच अवश्य करें। साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा http://www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |