Since: 23-09-2009
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। पीएम कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह वाराणसी में रहेंगे और शाम को भुवनेश्वर पहुंचेंगे।
सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान विनिर्माण सुविधा का उद्घाटन करेंगे। यह आधुनिक फैक्ट्री भारत के टेक्सटाइल इको सिस्टम को मजबूत करेगी और पूर्वांचल में औद्योगिक विकास को गति देगी। इस इकाई की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिलेगा और यह महिला नेतृत्व वाले विकास का उदाहरण बनेगी। यहां बने परिधान वैश्विक बाजारों में जाएंगे, जिससे मेक इन वाराणसी उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
दोपहर करीब 1 बजे प्रधानमंत्री वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित वायु सेना दिवस एयर शो 2026 के मुख्य अतिथि होंगे। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ पर विंग्स ओवर गंगा विषय पर यह भव्य प्रदर्शन हो रहा है। एयर शो में तेजस, प्रचंड हेलीकॉप्टर, सुखोई-30 और राफेल जैसे लड़ाकू विमान आसमान में शौर्य का प्रदर्शन करेंगे। सूर्य किरण और सारंग टीम के हैरतअंगेज करतब भी आकर्षण का केंद्र होंगे। थल सेना और नौसेना के विमान भी संयुक्तता का प्रदर्शन करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री भुवनेश्वर जाएंगे, जहां शाम 4:45 बजे वे भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। यह सेंटर टियर-IV प्रमाणित है, जो दुनिया में सबसे सुरक्षित डेटा सेंटर मानक माना जाता है और बीएफएसआई सेक्टर में विश्व की सबसे बड़ी सुविधाओं में से एक है। यहां देश की सभी महत्वपूर्ण भुगतान और निपटान प्रणालियां संचालित होंगी। इससे डिजिटल बैंकिंग और सुरक्षित लेनदेन को मजबूती मिलेगी। साथ ही बना साइबर सुरक्षा संस्थान क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीकों पर प्रशिक्षण और शोध का बड़ा केंद्र बनेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |