आयुष मंत्रालय ने विशेष अभियान 6.0 में 309 शिकायतों का निपटारा किया, 220 स्वच्छता अभियान चलाए
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2026। आयुष मंत्रालय ने विशेष अभियान 6.0 के तहत 2 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 के बीच 309 लोक शिकायतों और 50 शिकायत अपीलों का निपटारा किया है। इस दौरान मंत्रालय ने 220 स्वच्छता अभियान भी चलाए, जिनमें कार्यस्थल की साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन और कार्यालय स्थान के बेहतर उपयोग पर ध्यान दिया गया।
अभियान के दौरान 1525 फाइलों की समीक्षा कर उन्हें हटाया गया और स्क्रैप तथा पुराने अभिलेखों के निपटान से करीब 1030 वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली कराया गया। स्क्रैप निपटान से मंत्रालय ने 1 लाख 89 हजार 298 रुपये का राजस्व भी अर्जित किया है, जो संसाधन प्रबंधन और प्रशासनिक दक्षता में सुधार को दर्शाता है।
यह गतिविधियां 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए गए स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के आगे की कड़ी हैं। उस अभियान में 32 स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों की पहचान की गई थी, जिनमें से 20 का कायाकल्प किया गया। इसमें मंत्रालय के अधिकारियों, संबंधित संगठनों और स्थानीय समुदायों ने भागीदारी की।
स्वच्छता ही सेवा अभियान में जनभागीदारी और सफाई कर्मचारियों के कल्याण पर भी जोर दिया गया। 131 सफाई कर्मचारियों ने अभियान में हिस्सा लिया और 88 को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। स्वच्छता प्रतियोगिताएं और पर्यावरणीय कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता अभियान भी चलाए गए। स्वच्छ भारत दिवस पर समापन के अवसर पर 31 पेड़ लगाए गए।
मंत्रालय विशेष अभियान 6.0 के तहत लंबित शिकायतों के समय पर निपटान, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्वच्छता और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर काम जारी रखे हुए है, ताकि प्रशासनिक दक्षता मजबूत हो और स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक केंद्रित कार्य वातावरण को बढ़ावा मिल सके।