Since: 23-09-2009
देश के सात बड़े हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए चेहरे से पहचान वाली डिजी यात्रा सुविधा का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसे डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
यह ट्रायल नवंबर से दिसंबर 2026 तक चलेगा और दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोचीन, चेन्नई और अमृतसर एयरपोर्ट पर उपलब्ध होगा। इस दौरान ई-पासपोर्ट रखने वाले भारतीय नागरिक एयर इंडिया और इंडिगो की चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर टर्मिनल एंट्री, सिक्योरिटी होल्ड एरिया और बोर्डिंग गेट पर डिजी यात्रा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
यात्रियों को इसके लिए डिजी यात्रा ऐप पर अपना ई-पासपोर्ट वेरिफाई करना होगा। प्रक्रिया में पासपोर्ट के एमआरजेड को स्कैन करना, फोन के एनएफसी से चिप को पढ़ना, सेल्फी लेना और डिटेल वेरिफाई करना शामिल है। पूरी जानकारी फोन के वॉलेट में सुरक्षित रहेगी।
मंत्रालय ने कहा है कि यह सुविधा मौजूदा प्रक्रिया का विकल्प नहीं, बल्कि सहयोगी व्यवस्था है। यात्रियों को पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेज साथ रखने होंगे और इमिग्रेशन व एयरलाइन चेक अनिवार्य होंगे। ट्रायल के फीडबैक के आधार पर 2027 में इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा।
बता दें कि डिजी यात्रा के अब तक 2.65 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं और 39 घरेलू एयरपोर्ट पर 11 करोड़ से अधिक यात्राएं सुगम हुई हैं। अगले साल तक 25 और घरेलू एयरपोर्ट को जोड़ा जाएगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |