Since: 23-09-2009
भोपाल। अन्नदाता किसानों को नशेड़ी, गांजा पीने वाला और चिलम फूंकने वाला कहने संबंधी भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की कथित टिप्पणी पर मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस ने तीखा विरोध दर्ज कराया है और कहा है कि यह बयान शर्मनाक होने के साथ देश के करोड़ों किसानों का अपमान है, जिसे किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा, क्योंकि किसान का अपमान खाद्य सुरक्षा और उसकी मेहनत का भी अपमान है।
मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार किसान कल्याण वर्ष मनाने तथा किसानों के सम्मान की बातें करती है, जबकि भाजपा सांसद सार्वजनिक रूप से किसानों को नशेड़ी और चिलम फूंकने वाला बता रहे हैं, जिससे भाजपा की कथनी और करनी का अंतर प्रदेश की जनता के सामने आ गया है।
चौहान ने कहा कि किसान खेतों में दिन-रात श्रम कर देश का पेट भरता है और गर्मी, सर्दी व बारिश की चिंता किए बिना फसल तैयार करता है, साथ ही किसान का बेटा सीमा पर नियुक्त होकर देश की रक्षा करता है, इसलिए ऐसे अन्नदाता के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग भाजपा की किसान विरोधी सोच को प्रकट करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसान पहले से आर्थिक संकट झेल रहा है, खाद, बीज, डीजल और बिजली महंगी होने से खेती की लागत बढ़ी है, फसलों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और छोटे तथा सीमांत किसानों के लिए खेती बनाए रखना कठिन होता जा रहा है, लेकिन समस्याओं के समाधान की जगह भाजपा जनप्रतिनिधि किसानों का अपमान कर रहे हैं।
चौहान ने बताया कि किसान कांग्रेस प्रदेशभर में सांसद जनार्दन मिश्रा के विरुद्ध प्रदर्शन कर रही है और तहसील स्तर पर पुतला दहन के माध्यम से भाजपा के किसान विरोधी रवैये के खिलाफ विरोध जताया जा रहा है।
किसान कांग्रेस ने मांग की है कि जनार्दन मिश्रा के खिलाफ अपमानजनक बयान पर तुरंत FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, वह सांसद पद से इस्तीफा दें, भाजपा उन्हें तत्काल पार्टी से निकाल बाहर करे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व मामले में जवाबदेही तय कर किसानों के सम्मान पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखें।
चौहान ने चेतावनी दी कि एफआईआर दर्ज न होने और भाजपा नेतृत्व द्वारा ठोस कदम न उठाए जाने पर किसान कांग्रेस आंदोलन को प्रदेशभर में व्यापक करेगी और मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति के विरुद्ध निजी लड़ाई नहीं, बल्कि अन्नदाताओं के सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई है और केवल माफी मांगने से मामला समाप्त नहीं होगा, जब तक कानूनी कार्रवाई, इस्तीफा और पार्टी से निष्कासन नहीं होता, तब तक किसान कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा, इस अवसर पर मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राम मिहिर, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज और कार्यालय प्रभारी रामशरण राणा उपस्थित रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |