Since: 23-09-2009
भोपाल। पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में एक बार फिर दूर-दराज परीक्षा केंद्र मिलने की आशंका को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पिछली परीक्षाओं में अलीराजपुर के अभ्यर्थियों को रीवा-सतना जैसे 800 से 1000 किमी दूर केंद्र दिए गए थे। इस बार ऐसी मनमानी नहीं चलनी चाहिए और हर अभ्यर्थी को गृह जिले या नजदीकी शहर में ही केंद्र मिलना चाहिए।
पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने 19 नवंबर से स्थगित पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की नई तारीख 9 दिसंबर 2026 घोषित की है। लेकिन प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा की तारीख से भी बड़ी चिंता परीक्षा केंद्रों के आवंटन को लेकर है। पिछली दो परीक्षाओं में परीक्षा केंद्र आवंटन की गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आई थीं। अलीराजपुर के अभ्यर्थियों को 800 से 1000 किलोमीटर दूर रीवा और सतना जैसे जिलों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए थे। यह स्थिति प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं के लिए भारी परेशानी का कारण बनी।
उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। भारी ठंड के बीच अनजान शहरों में पहुंचना, ठहरने और आने-जाने का खर्च उठाना तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा की चिंता करना युवाओं के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। आखिर भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं को व्यवस्था की लापरवाही की सजा क्यों भुगतनी पड़ रही है?
पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि एडमिट कार्ड जारी होने से पहले ही परीक्षा केंद्र आवंटन की व्यवस्था को पारदर्शी और अभ्यर्थी हितैषी बनाया जाए। ESB और परीक्षा संचालन करने वाली वेंडर कंपनी एप्टेक की कार्यप्रणाली पर सख्त निगरानी रखी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक अभ्यर्थी को उसके द्वारा चुनी गई पहली प्राथमिकता के अनुसार गृह जिले अथवा निकटतम शहर में ही परीक्षा केंद्र मिले।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मेहनत और लगन से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें निष्पक्ष और सुविधाजनक परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराए, न कि परीक्षा देने से पहले ही उन्हें आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानियों से जूझने के लिए मजबूर करे। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही और अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |