Since: 23-09-2009
ग्वालियर। देश के अलग-अलग भागों में सक्रिय मौसम प्रणालियों का ग्वालियर-चंबल संभाग में कोई असर नहीं है, इसलिए अब मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में लगातार वृद्धि होगी। हालांकि सात मई को बादल छा सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना कम है।
ईरान से अफगानिस्तान और पाकिस्तान होते हुए हिमालय में बार-बार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम बदला हुआ था और कहीं-कहीं बारिश भी हो रही थी जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली लेकिन पिछले दो दिन से मौसम शुष्क है जिससे तापमान में वृद्धि का सिलसिला शुरू हो गया है।
ग्वालियर में शुक्रवार को भी मौसम शुष्क रहा और धूप काफी तेज रही। इसके चलते पिछले दिन की अपेक्षा आज अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि यह औसत से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 1.1 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 5.0 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 55 और शाम को 33 प्रतिशत दर्ज की गई।
स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में हिमालय में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ सहित देश के अलग-अलग भागों में जो भी मौसम प्रणालियां मौजूद हैं उनका प्रभाव पूर्वी मध्यप्रदेश तक ही सीमित है इसलिए ग्वालियर-चंबल संभाग में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा जिससे अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि होगी। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |