Since: 23-09-2009
खरगोन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कारगिल में हमारे जवानों ने अपनी जान की बाजी लगाकर पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ा था, लेकिन 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने कारगिल के चैप्टर को ही स्कूली पाठ्यक्रम से हटा दिया। ये देश के लिए जान न्यौछावर कर देने वाले जवानों का अपमान है या नहीं? जवानों के इस अपमान का बदला आपको लेना है और नवंबर में होने वाले चुनाव में उन लोगों का चैप्टर क्लोज कर देना है, जिन्होंने कारगिल के अध्याय को हटाया था। हमें उन लोगों को रोक देना है, जिन्होंने लाडली लक्ष्मी और भावांतर जैसी जनहित की योजनाएं रोक दी थीं और एक बार फिर भाजपा को सेवा का मौका देना है।
नड्डा शुक्रवार को खरगोन में नवग्रह मेला ग्राउंड पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के बनने से सिर्फ देश में सरकार ही नहीं बदली, देश सिर्फ विकास की दिशा में नहीं बढ़ा, बल्कि मोदी ने राजनीति की कार्य संस्कृति को ही बदल दिया है। आज चाहे मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार हो या शिवराज के नेतृत्व वाली राज्य सरकार हो, दोनों प्रो रिस्पॉन्सिव सरकारें हैं, पूरी जिम्मेदारी से काम करती हैं। दोनों सरकारें प्रो एक्टिव हैं और संबंधित व्यक्ति अपनी चिंता करे, उससे पहले ये उसकी चिंता करके काम भी शुरू कर देती हैं। मोदी सरकार गांव, गरीब, पीड़ित, शोषित, वंचित, महिला, युवा, आदिवासी सहित हर वर्ग की चिंता करती है। केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम शिवराज सरकार कर रही है। उन्होंने केन्द्र की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कमलनाथ छीनते हैं, शिवराज दोगुना कर देते हैं
भाजपा अध्यक्ष ने कृषि के क्षेत्र में मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस के जमाने में कृषि का बजट 22 हजार करोड़ हुआ करता था, जिसे मोदी सरकार ने 1.15 लाख करोड़ तक पहुंचा दिया है। प्रधानमंत्री किसानों को हर साल 6 हजार रुपये किसान सम्मान निधि दे रहे हैं, जिसमें मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार भी पहले 4 हजार रुपये मिलाकर देती थी और अब 6 हजार रुपये देने जा रही है। एकतरफ कमलनाथ हैं, जो लोगों का हक छीनने का काम करते हैं। दूसरी तरफ शिवराज सरकार है, जो उसे दोगुना करके जरूरतमंदों को देती है।
मोदी के नेतृत्व में आकार ले रहा नया भारत, दुनिया में बढ़ा सम्मान
उन्होंने कहा कि नौ साल पहले भारत को दुनिया एक भ्रष्टाचारी देश के रूप में देखती थी। टूजी, थ्रीजी, कोयला, कॉमनवेल्थ, अगस्ता वेस्टलैंड और न जाने कितने घोटाले उजागर हो रहे थे। लेकिन मोदी के नौ सालों में देश की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान से ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए पांचवें स्थान पर आ गई है। स्टील उत्पादन में भारत चौथे से दूसरे स्थान पर, ऑटोमोबाइल में तीसरे स्थान पर आ गया है। भारत से खिलौनों का एक्सपोर्ट तीन गुना हो गया है। कैमिकल्स के एक्सपोर्ट में 106 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और पहले जहां देश में 92 प्रतिशत मोबाइल बाहर से आते थे, आज 97 प्रतिशत मोबाइल यहीं बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले जब हमारे प्रधानमंत्री अमेरिका जाते थे, तो पाकिस्तान, आतंकवाद और विकास को बाधित किए जाने की बातें होती थीं। लेकिन अभी हमारे प्रधानमंत्री अमेरिका गए, तो उन्हें न सिर्फ राष्ट्रीय सम्मान और स्टेट डिनर दिया गया, बल्कि अंतरिक्ष में सहयोग बढ़ाने, क्रायोजैनिक इंजन की तकनीक और विदेशी निवेश बढ़ाने के समझौते हुए। पहले दुनिया के लोग जब भी भारत का नाम लेते थे, तो इंडिया एंड पाकिस्तान कहते थे, लेकिन अब इंडिया और सिर्फ इंडिया ही सुनाई देता है। हमारे प्रधानमंत्री को आस्ट्रेलिया के पीएम बॉस कहते हैं, अमेरिका के एनएसए उन्हें ग्लोबल लीडर कहते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति उन्हें रिफॉर्मर कहते हैं।
मध्य प्रदेश में विकास की गंगा बहा रही डबल इंजन वाली सरकार
नड्डा ने कहा कि मोदी की केंद्र सरकार और शिवराज की प्रदेश सरकार मिलकर मध्य प्रदेश को तेजी से विकास के रास्ते पर बढ़ा रही हैं। पहले सिर्फ भोपाल दिल्ली वंदे भारत ट्रेन चलती थी, अब भोपाल-इंदौर और भोपाल-जबलपुर वंदे भारत भी शुरू हो गई है, जो नए मध्य प्रदेश के विकास की कहानी कह रही हैं। नौ साल मध्य प्रदेश में 27 हजार करोड़ की लागत से हाईवे बनाए गए हैं। यहां कई एक्सप्रेस वे का काम प्रक्रिया में है। इंदौर और भोपाल में न्यू मेट्रो का काम चल रहा है। ग्वालियर तथा जबलपुर के एयरपोर्ट का विकास किया जा रहा है और देवास में एयरपोर्ट प्रस्तावित है। प्रदेश में 6 नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं, जिनमें खरगोन भी शामिल है। एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा, इनमें 58 हजार पदों पर नियुक्तियां भी हो गई हैं। प्रदेश सरकार ने हर वर्ग की चिंता करते हुए पिछड़ा वर्ग कल्याण बोर्ड, विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड, प्रवासी श्रमिक कल्याण बोर्ड बनाकर यह साबित कर दिया है कि वह सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। शिवराज सरकार ने मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिंदी माध्यम से शुरू करा दी है तथा अब गांव के बच्चे भी डॉक्टर बन सकेंगे।
भाजपा में साधारण कार्यकर्ता के लिए भी अवसर, अन्य दल परिवारवादी
उन्होंने कहा कि यह भाजपा है, जिसमें एक साधारण कार्यकर्ता प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बन सकता है। अन्य दलों में सिर्फ परिवार के लोग ही आगे बढ़ सकते हैं। नड्डा ने कहा कि ये सभी परिवार वादी पार्टियां सिर्फ अपने परिवार की ही सेवा कर सकती हैं। लेकिन मोदी बिना किसी भेदभाव के पूरे देश की सेवा कर रहे हैं और भाजपा दिन-रात देश और प्रदेश की सेवा में जुटी है।
भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ की बहन प्रमिला साधौ व अन्य नेता
खरगोन में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ की बहन प्रमिला साधो ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ ही कांग्रेस नेता दिनेश साह, पूर्व प्राचार्य केसी भालेकर, पूर्व सीएमओ किशोर गुजर, कांग्रेस नेता राजेन्द्र जैन, पूर्व लेखापाल लक्ष्मण चौबे सहित 100 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। नड्डा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता प्रदान की।
रोड शो में हुआ नड्डा का भव्य स्वागत
इससे पहले जेपी नड्डा खरगोन जिले के बरूड़फाटा हेलिपैड पहुंचे। वे जुलवानिया रोड से खुले वाहन में सवार होकर रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान वह जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए मेला मैदान पहुंचे। उनका जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ता व जनता का अभिवादन स्वीकार किया। खरगोन सहित भगवानपुरा, भीकनगांव, कसरावद विधानसभा क्षेत्र, नगर पालिका परिषद खरगोन के स्वागत मंच से पुष्पवर्षा की गई।
MadhyaBharat
30 June 2023
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By: Medha Innovation & Development
|