Since: 23-09-2009
बैतूल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल में ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने महुपानी में सफारी गेट, टिकट काउंटर और पर्यटन सुविधाओं के 42 लाख रुपये से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन किया, माकड़ा माध्यमिक शाला में 402 डेस्क-बेंच वितरित किए और आजीविका प्लाजा का लोकार्पण किया।
खण्डेलवाल ने कहा कि ताप्ती रिजर्व प्रकृति पर्यटन का नया केंद्र बनेगा। यहां जनजातीय होमस्टे, बटरफ्लाई पार्क और जिप्सी सफारी शुरू होगी। उन्होंने धावड़ा, गौनीघाट, कोलूढाना, धावड़ाखार क्षेत्र में करीब 25 किमी सफारी रूट और घोड़ीदेव व्यू पॉइंट का अवलोकन किया।
*27 युवाओं को गाइड प्रशिक्षण*
वन विभाग आसपास के गांवों के 27 युवाओं को सफारी गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर रहा है। युवाओं को जिप्सी संचालन का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। सफारी का संचालन स्थानीय समिति करेगी। खण्डेलवाल ने कहा कि वे भी एक जिप्सी सफारी के लिए उपलब्ध कराएंगे। जिप्सी खरीदने वालों को ऋण व आर्थिक सहयोग दिलाने के प्रयास होंगे।
*जनजातीय होमस्टे और बटरफ्लाई पार्क*
जनजातीय परिवारों को समूहों में संगठित कर सुरक्षित होमस्टे विकसित किए जाएंगे। दो स्थानों पर 2-3 एकड़ में बटरफ्लाई पार्क, बोरनाला व गौनीघाट में डोम और व्यू पॉइंट विकसित करने का प्रस्ताव है।
*बडोरा-तितली चौराहा सड़क का शिलान्यास*
6.91 करोड़ की लागत से बनने वाली 1.5 किमी, 40 फीट चौड़ी सड़क 4 माह में तैयार होगी। इससे मंडी क्षेत्र में जाम से राहत मिलेगी। खण्डेलवाल ने कहा कि किसानों को उपज का भुगतान उसी दिन मिले, एक रुपये का भी नुकसान न हो। मंडी विस्तार के लिए 20 एकड़ अतिरिक्त जमीन तलाशी जा रही है।
*शिक्षा संजीवनी अभियान*
माकड़ा स्कूल में डेस्क-बेंच वितरण पर उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने अपने वेतन से करीब 9 हजार डेस्क-बेंच दान किए हैं। यह शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण है।
*आजीविका प्लाजा बैतूल की नई पहचान बनेगा*
4 करोड़ से अधिक की लागत से बने आजीविका प्लाजा का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि यह महिलाओं और जनजातीय परिवारों के उत्पादों को व्यवस्थित बाजार देगा। उन्होंने आजीविका दीदी कैफे में महिलाओं से चाय पर चर्चा कर व्यवसाय बढ़ाने के सुझाव दिए।
इस दौरान विधायक महेंद्र सिंह चौहान, डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |