Since: 23-09-2009
विदिशा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शनिवार को विदिशा के रविंद्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि वृद्धजनों का सम्मान और समुचित देखभाल प्रत्येक संतान का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम संगम गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन विषय पर आयोजित किया गया था, जो भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग के एमओयू के अंतर्गत हुआ।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता का स्थान सर्वोच्च है। माता-पिता बच्चों के पालन-पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए जीवनभर त्याग और संघर्ष करते हैं, लेकिन बच्चे बड़े होकर कई बार उनका समुचित ध्यान नहीं रख पाते, जो गंभीर चिंतन का विषय है।
उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में शारीरिक कमजोरी के कारण बुजुर्ग कई कार्यों के लिए बच्चों पर आश्रित हो जाते हैं। ऐसे समय में संतान को धैर्य के साथ उनकी आवश्यकताओं को समझना चाहिए, विशेष देखभाल करनी चाहिए और भावनात्मक संबल देना चाहिए। बुजुर्गों को केवल शारीरिक सहयोग ही नहीं, परिवार में सम्मान, अपनापन और आत्मीयता भी मिलनी चाहिए, ताकि वे मानसिक रूप से सशक्त रहें और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
राज्यपाल ने कहा कि सरकार वृद्धजनों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दे रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें उपचार में सहायता मिल रही है और बच्चों को माता-पिता के इलाज की चिंता से राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि साधु-संतों के प्रवचनों को केवल सुनना पर्याप्त नहीं है, उन्हें दैनिक जीवन में उतारना भी आवश्यक है। माता-पिता की सेवा, बुजुर्गों का सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता जैसे मानवीय मूल्य भावी पीढ़ी को भी प्रेरित करते हैं।
बुजुर्गों से आह्वान करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वे दिमाग को सजग और सक्रिय रखें, सकारात्मक सोच के साथ जीवन व्यतीत करें, नई पीढ़ी को जिम्मेदारियों के अनुरूप निर्णय लेने का अवसर दें और परिवार में आपसी समझ, सामंजस्य एवं सौहार्द्र बनाए रखने में सहयोग करें।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। ब्रह्माकुमारीज संस्था और नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा ने राज्यपाल का स्मृति चिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मध्यप्रदेश को-ऑर्डिनेटर रेखा दीदी और विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, ब्रह्माकुमारीज समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |