Since: 23-09-2009

  Latest News :
भारत-कनाडा सीईपीए वार्ता का छठा दौर नई दिल्ली में संपन्न.   आईटीआरए, जामनगर में तीन राष्ट्रीय सीएमई कार्यक्रम संपन्न, 13 राज्यों के 90 आयुर्वेद शिक्षक हुए शामिल.   भोपाल को मिली 300 करोड़ की अत्याधुनिक लैब की सौगात, बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित.   सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले सीलिंग ड्राइव से पीछे हटा नगर निगम, तोड़फोड़ पर केंद्रित हुआ अभियान.   चौथी भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक.   भारत की विकास गाथा नए अवसरों का सृजन कर रही है; उद्योगों को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए तैयार रहना चाहिए : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.   ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में शुरू होगी जंगल सफारी, 27 स्थानीय युवाओं को मिलेगा गाइड का रोजगार+ हेमंत खंडेलवाल .   छतरपुर पुलिस ने साइबर फ्रॉड की वारदात का 24 घंटे के भीतर किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार.   वैश्विक आयोजन सिंहस्थ वर्तमान समय की जरूरतों के अनुसार हो रहे प्रबंध : मुख्यमंत्री मोहन यादव.   कालिदास की लेखनी ने भारतीय सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर अमर कर दिया : मुख्यमंत्री मोहन यादव.   मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अयोध्या में रामलला के किए दर्शन.   वृद्धजनों का सम्मान ही सच्ची सेवा, संतान का है नैतिक दायित्व : राज्यपाल मंगुभाई पटेल.   बालोद : जिला न्यायालय बालोद में स्पेशल लोक अदालत का हुआ आयोजन.   बेमेतरा में ‘स्पेशल लोक अदालत’ का सफल आयोजन, चेक बाउंस के 12 प्रकरणों का हुआ निपटारा.   बस्तर संभागायुक्त ने धान उपार्जन केन्द्र मसौरा का किया निरीक्षण.   धान खरीदी 2026-27 : किसानों की समस्याओं पर शासन की त्वरित कार्रवाई.   कबरा हाथी से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा.   भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कोंडागांव में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन.  
धान खरीदी 2026-27 : किसानों की समस्याओं पर शासन की त्वरित कार्रवाई
धान

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी वर्ष 2026-27 के दौरान किसानों की समस्याओं और शिकायतों पर शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला स्तर तक प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है। भू-अभिलेख, विपणन और सहकारिता विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं, ताकि किसी भी पंजीकृत किसान को धान बेचने में परेशानी न हो।

 

*समिति स्तर पर रकबा और खसरा सुधार की सुविधा*

 

एग्री स्टेक और डिजिटल फसल सर्वेक्षण से जुड़े रकबा सुधार के मामलों में अब किसानों को तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। समिति मॉड्यूल में ‘खसरा मैपिंग’ और ‘एग्री स्टेक से भूमि विवरण सिंक’ का विकल्प दिया गया है। इसके जरिए समिति ऑपरेटर छूटे हुए खसरे जोड़ रहे हैं और तहसीलदारों के अनुमोदन के बाद विवरण अपडेट हो रहा है। ग्राम पंचायतों में डिजिटल फसल सर्वेक्षण और पीवी सर्वे के आंकड़ों का प्रकाशन कर आपत्तियों का भौतिक सत्यापन और निराकरण किया जा रहा है। प्रदेश की 12 तहसीलों में ग्राम सभाओं से मिली 8,202 दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।

 

*जिलेवार प्रगति पर एक नजर*

 

बालोद जिले में शून्य रकबा वाले 5,743 किसानों में से 3,140 का सुधार हो चुका है, शेष डेटा 2 से 3 दिन में सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। बिलासपुर जिले के सेमरताल (714 में से 550) और पौंसरा (414 में से 174) समितियों में किसानों की समस्या सुलझाई गई। डिजिटल फसल सर्वेक्षण के लंबित खसरे 13 नवंबर के 31 हजार 338 से घटकर 20 नवंबर तक 13 हजार 805 रह गए हैं। कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र के 243 प्रभावित किसानों में से 49 का सुधार पूरा हो चुका है, बाकी पर काम जारी है। महासमुंद जिले में दावा-आपत्ति के आधार पर 258 किसानों की जानकारी सत्यापन के बाद उच्च कार्यालय भेजी गई है। जशपुर जिले में 5 हजार 653 खसरों के संशोधन का प्रस्ताव आयुक्त भू-अभिलेख को भेजा गया है। वहीं 23 केंद्रों में अब तक 209 किसानों से 1059.28 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। धमतरी जिले के 44 किसानों की भूमि समिति मॉड्यूल से जुड़ गई है और समस्या समाप्त हो गई है। रायगढ़, रायपुर और राजनांदगांव जिले में दावा-आपत्तियों का परीक्षण कर पोर्टल में संशोधन जारी है, गलत फसल प्रविष्टि के मामलों में दोबारा स्थल जांच की जा रही है।

 

*हड़ताल के बीच वैकल्पिक व्यवस्थाएं*

 

पटवारियों की हड़ताल के बावजूद किसानों का काम न रुके, इसके लिए संबंधित तहसीलदारों की आईडी सक्रिय की गई हैं। दावा-आपत्तियों के भौतिक सत्यापन के लिए राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है और जिला व अनुभाग स्तर पर नियमित समीक्षा की जा रही है। डिजिटल फसल सर्वेक्षण सत्यापन ऑनलाइन, जियो-रेफरेंस और फोटो सहित तहसीलदारों द्वारा अनुमोदित किया जा रहा है।

 

*भंडारण, सुरक्षा और शिकायतों पर कार्रवाई*

 

भंडारण व सुरक्षा के लिए दुर्ग में 21 नए केंद्रों के साथ कुल 123 केंद्र संचालित हैं, जहां स्टैक प्लान, तालपत्री और ड्रेनेज की व्यवस्था है। कोरबा में ड्रेनेज सहित तैयारियां पूरी हैं और हाथी प्रभावित केंद्रों के लिए वन विभाग से समन्वय कर प्राथमिकता से धान उठाव कराया जाएगा। कबीरधाम में मार्कफेड के सीसीटीवी कैमरों के अलावा अतिरिक्त कैमरे और चौकीदार लगाए जा रहे हैं। बालोद जिले में एक केंद्र में आगजनी से प्रभावित बारदाने के मामले में थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है, आग पर काबू पा लिया गया है और खरीदी सामान्य रूप से जारी है।

 

*समिति में त्वरित कार्रवाई*

 

सक्ती जिले में तौल की शिकायत सही पाए जाने पर खरीदी प्रभारी को हटाकर नए प्रभारी की नियुक्ति की गई है। राजनांदगांव में अधिक नमी वाला धान पंचनामा बनाकर सुखाने व साफ करने की सलाह के साथ लौटाया गया। महासमुंद के एक मामले में पंजीयन निरस्तीकरण प्रक्रिया लंबित रहते हुए भी पंजीकृत खसरों से धान बिक्री व राशि अंतरण की व्यवस्था स्पष्ट की गई है।

 

*टोकन और धान की आवक*

 

जांजगीर-चांपा जिले सहित देर से बुआई वाले जिलों में कटाई देर से शुरू होने के कारण धान की आवक दिसंबर के पहले सप्ताह से बढ़ने का अनुमान है। कांकेर के कोयलीबेड़ा के सभी छह उपार्जन केंद्रों में बारदाना, कंप्यूटर, नमी मापक और तौल उपकरण उपलब्ध हैं और समिति स्तर से टोकन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

*किसानों से अपील*

 

राज्य शासन ने किसानों से अपील की है कि रकबा, खसरा या फसल प्रविष्टि में किसी भी त्रुटि पर वे अपनी समिति, ग्राम सभा में दावा-आपत्ति, कलेक्टर जनदर्शन या सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से तुरंत सूचना दें, ताकि समयबद्ध समाधान हो सके और समर्थन मूल्य पर निर्बाध व पारदर्शी धान खरीदी सुनिश्चित की जा सके।

MadhyaBharat 21 November 2026

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.