Since: 23-09-2009
राजगढ़। जिले के ब्यावरा में स्थित सीएम राइज स्कूल की प्रार्थना में गायत्री मंत्र के पाठ पर रोक लगाने वाले प्राचार्य को हटा दिया गया है। इस मामले पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने नाराजगी जताई थी।
राजगढ़ जिले के ब्यावरा में सीएम राइज स्कूल में प्रार्थना के दौरान गायत्री मंत्र पर रोक लगाने वाले प्रिंसिपल दुष्यंतसिंह राणा पर गाज गिर गई है। उन्हें शुक्रवार को प्रिंसिपल पद से हटा दिया गया है और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।
गौरतलब है कि बुधवार को सीएम राइज स्कूल ब्यावरा के प्राचार्य दुष्यंतसिंह राणा ने प्रार्थना सभा में गायत्री मंत्र बोलने से बच्चों को रोक दिया था। उन्होंने भरी सभा में बच्चों को इसके लिए डांट लगा दी थी। इस घटना का एक शिक्षक ने वीडियो बना लिया था। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने इस पर नाराजगी जताई थी।
जिला शिक्षा अधिकारी करणसिंह भिलाला ने बताया कि प्रिंसिपल राणा के खिलाफ जांच की जा रही है। इसके साथ ही सीएम राइज स्कूल की प्रार्थना में गायत्री मंत्र को पहले की तरह शामिल कर लिया गया है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |