Since: 23-09-2009
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में असंतुष्ट नेताओं के दल बदल का दौर जारी है। पन्ना में भाजपा एक और बड़ा झटका लगा है। यहां गुन्नौर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक महेंद्र बागरी ने टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के समक्ष महेन्द्र बागरी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
महेंद्र बागरी सोमवार को पन्ना कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवजीत सिंह भैया राजा के साथ भोपाल पहुंचे। उसके बाद कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में कमलनाथ की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली। दरअसल भाजपा की ओर से जारी विधानसभा चुनाव प्रत्याशियों की पहली सूची में गुनौर सीट से पार्टी ने 2018 में चुनाव हार चुके पूर्व विधायक राजेश वर्मा को टिकट दिया है। इसके बाद से ही यहां के कई स्थानीय भाजपा नेताओं ने असंतोष जताया है। महेंद्र बागरी ने इसका खुलकर राजेश वर्मा को टिकट दिये जाने का विरोध किया था। दोनों ने परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया था। इसके बाद से ही महेन्द्र बागरी के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। आखिरकार आज महेन्द्र बागरी कांग्रेस में शामिल हो गए। माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें गुनौर से विधानसभा चुनाव लड़ा सकती है। यदि ऐसा होता है कि इस बार गुनौर विधानसभा में चुनाव जीतना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |