Since: 23-09-2009
ग्वालियर। पिछले चार दिनों से 16 से 17 डिग्री के बीच झूल रहा न्यूनतम पारा अब 14 डिग्री सेल्सियस के पास आ गया है जो वर्तमान मौसम में अब तक का सबसे कम है। मौसम विज्ञानियों का पूर्वानुमान है कि अब धीरे-धीरे तापमान में और गिरावट होगी। न्यूनतम पारा 12 डिग्री सेल्सियस पर आते ही रात में ठंड की शुरुआत हो जाएगी।
स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि हाल ही में आए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमालय के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इसके चलते उत्तर-पश्चिम से हल्की ठंडी हवाएं आना शुरू हो गई हैं। इसी कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। साथ ही अधिकतम तापमान भी सामान्य स्तर पर बना हुआ है। उन्होंने पूर्वानुमान जताया है कि अगले चार से पांच दिन तक तापमान में बहुत ज्यादा उलटफेर की उम्मीद कम है। नवम्बर के शुरुआती दिनों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। इसके साथ ही रात में गुलाबी सर्दी की शुरुआत हो जाएगी जबकि दिन में ठंड के लिए अभी इंतजार करना होगा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री सेलिसयस वृद्धि के साथ 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 63 और शाम को 56 प्रतिशत दर्ज की गई।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |