Since: 23-09-2009
ग्वालियर। अगले 24 से 48 घंटे के दौरान मौसम बदलने के साथ ग्वालियर-चंबल सहित मध्य प्रदेश में कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। यदि बारिश हुई तो तापमान में तेजी से गिरावट होगी और सर्दी बढ़ेगी।
वर्तमान मौसम में ग्वालियर शहर में 16 नवम्बर को अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद यह धीरे-धीरे बढ़ते हुए 14 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंचे गया लेकिन इसके बाद भी 16 नवम्बर से मध्य प्रदेश के अन्य शहरों व जिलों की तुलना में ग्वालियर शहर की रात सबसे ठंडी दर्ज की जा रही है। ग्वालियर में मंगलवार-बुधवार की रात भी 12.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडी रही। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि वर्तमान में जम्मू-कश्मीर से लगे उत्तरी पाकिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है जो हिमालय की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान बादल छाए रहने के साथ-साथ मध्य प्रदेश के चुनिंदा क्षेत्रों के अलावा ग्वालियर-चंबल संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन तेज बारिश की उम्मीद कम है। उन्होंने बताया कि इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होगी। जिससे 25 नवम्बर के बाद तापमान में गिरावट के साथ सर्दी बढऩे की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |