Since: 23-09-2009
ग्वालियर। फिलहाल ग्वालियर-चंबल संभाग के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है इसलिए अब तापमान बढऩे लगा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
ग्वालियर में 12 मार्च को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। इसके बाद उत्तर भारत में बार-बार आए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बादलों की आवा-जाही और हवा के रुख में बदलाव से तापमान में एक बार फिर गिरावट हुई लेकिन अब पिछले दो-तीन दिनों से मौसम शुष्क है। हालांकि हवा में मौजूद नमी की वजह से रात में अभी भी आंशिक बादल नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 23 मार्च की रात्रि में उत्तर भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जो पश्चिमी हिमालय के मौसम को प्रभावित करेगा लेकिन ग्वालियर-चंबल संभाग में इसका कोई असर नजर नहीं आएगा। यहां का मौसम फिलहाल शुष्क रहेगा। इस वजह से अब दिन व रात के तापमान में वृद्धि होगी।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। यह भी सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 80 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 28 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी घटकर 43 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |