Since: 23-09-2009
कटनी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बरही में आयोजित आमसभा में सरकार पर जमकर निशाना साधा।
जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार का कैंसर फैल चुका है। केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार में पटवारी से लेकर तहसीलदार, नगर निगम और पंचायत तक बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा है, आम जनता परेशान है। उन्होंने सरकारी खरीद में गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में 1 लाख रुपये की बाल्टी, 36 हजार रुपये की फिनाइल की बोतल और 1 हजार रुपये का बल्ब खरीदा जा रहा है। यह खरीद नहीं, बल्कि सरकारी धन की खुली लूट है। उन्होंने सवाल उठाया कि छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई दिखा दी जाती है, लेकिन क्या बिना राजनीतिक संरक्षण के इतने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार संभव है, सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी होगी।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता जिन नेताओं को चुनाव में नकार देती है, भाजपा उन्हें फिर से सत्ता और पदों पर बैठा देती है। जब जनता के जनादेश का सम्मान ही नहीं होगा तो वोट और मतदाता के अधिकारों का क्या मतलब रह जाएगा। उन्होंने वोटर लिस्ट और ईवीएम में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ती रहेगी। कटनी के स्थानीय मुद्दे उठाते हुए सिंघार ने कहा कि बरही क्षेत्र में सरकारी आईटीआई का निर्माण स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप के कारण बाधित हो रहा है। क्षेत्र में फैक्ट्रियां खुलने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, बाहर के लोगों को काम दिया जा रहा है और स्थानीय युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है, जिससे फसल प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में सरकार बनने पर किसानों को गांव में ही खाद उपलब्ध कराने की जवाबदेही के साथ व्यवस्था बनाई जाएगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |