Since: 23-09-2009
देवास, 27 अक्टूबर।* देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और असली दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पीड़ित परिवारों के साथ पहुंचे पटवारी ने प्रशासन से दोषियों पर हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
इस दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में शराब माफियाओं का नेटवर्क लगातार मजबूत हो रहा है। अवैध और जहरीली शराब के कारण गरीब परिवारों के लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन वास्तविक दोषियों पर हाथ डालने से कतरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सागर और मुरैना में भी जहरीली शराब से मौतों की घटनाएं सामने आई थीं, जो प्रदेश में शराब माफियाओं के बढ़ते हौसलों को उजागर करती हैं।
पटवारी ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, वे आज न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं। परिजनों ने कई साक्ष्य प्रशासन को सौंपे हैं, इसके बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है और केवल जांच का आश्वासन दिया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जब लोगों की जान चली गई हो, तो प्रशासन की पहली जिम्मेदारी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जेल भेजने की होनी चाहिए। कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि मामले में उपलब्ध सबूतों के आधार पर हत्या सहित सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि शराब माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण ही कार्रवाई में देरी हो रही है। सरकार को जवाब देना चाहिए कि आखिर जहरीली शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है और पीड़ितों को न्याय के लिए क्यों संघर्ष करना पड़ रहा है।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष और शहर कांग्रेस अध्यक्ष पीड़ितों के साथ थानों में जाकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए संघर्ष करेंगे। अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में शराब माफियाओं के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगी। जरूरत पड़ने पर उज्जैन, इंदौर, भोपाल सहित अन्य जिलों में पदयात्रा और रैलियां निकालकर इसे जन आंदोलन बनाया जाएगा।
घेराव के दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जिला प्रभारी सुरेंद्र सिंह शेरा, विनय बाकलीवाल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी, शहर अध्यक्ष प्रयास गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |