Since: 23-09-2009
भोपाल, 12 नवंबर 2026: जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश की प्रसिद्ध गोंड चित्रकला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। डिंडोरी जिले के करंजिया विकासखंड स्थित पाटनगढ़ गांव अब चित्रकारों का तीर्थ बन गया है। यह गांव विश्वविख्यात गोंड चित्रकार जनगढ़ सिंह श्याम का पैतृक गांव है, जिन्होंने गोंड चित्रकला को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई।
करीब 300 घरों वाले पाटनगढ़ के निवासी आज गोंड चित्रकला के सच्चे राजदूत बन गए हैं। गोंड चित्रकला को GI टैग मिलने के बाद विश्व के कला बाजारों में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेशी अतिथियों को गोंड पेंटिंग उपहार स्वरूप भेंट किए जाने से इस पारंपरिक कला को और अधिक अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
पाटनगढ़ के समीप सुनपुरी गांव के युवा चित्रकार आत्माराम श्याम पिछले सात वर्षों से भोपाल में रहकर गोंड चित्रकला के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के लिए कार्य कर रहे हैं। उनकी चित्रकला में गोंड समुदाय की संस्कृति, परंपराएं, लोककथाएं, वन्यजीवन, प्रकृति और पर्यावरण के साथ मानव के संबंधों का सुंदर चित्रण दिखाई देता है।
आत्माराम श्याम कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भाग ले चुके हैं। उन्हें वर्ष 2022 में गोल्ड अवॉर्ड और वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय कला पुरस्कार सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उनकी कलाकृति की सराहना की है। आत्माराम वर्तमान में विद्यार्थियों और युवाओं को गोंड चित्रकला का प्रशिक्षण देकर इस पारंपरिक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |