Since: 23-09-2009
भोपाल/मैहर।*मैहर पुलिस ने लूट और वाहन चोरी की वारदातों में शामिल एक अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान बनाकर और किराये पर वाहन बुक करने के बहाने चालकों को फंसाता था। पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली मैहर की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के पास से दो पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन, बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज सहित लगभग 14 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
जांच में सामने आया कि 2 सितंबर को रीवा के एक वाहन चालक की बोलेरो पिकअप को सामान परिवहन के लिए किराये पर बुक कर मैहर क्षेत्र में ले जाया गया और फिर चोरी कर लिया गया। इस संबंध में कोतवाली मैहर में प्रकरण दर्ज किया गया था।
इसी तरह 19 सितंबर को छतरपुर के एक वाहन चालक को किराये पर सामान पहुंचाने के बहाने मैहर बुलाया गया। सरलानगर रोड टोल प्लाजा के आगे सुनसान स्थान पर आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल और वाहन की चाबी छीन ली और पिकअप लूटकर फरार हो गए। इस मामले में भी प्रकरण दर्ज किया गया।
दोनों घटनाओं की जांच में पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और लगातार पतारसी से आरोपियों की पहचान हुई। दोनों मामलों में शामिल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
मुख्य आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान मिली सूचना पर उसे छतरपुर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता मैहर के अलावा सतना, छतरपुर और विदिशा में हुई चोरी व लूट की घटनाओं में भी सामने आई है। मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में उसके खिलाफ चोरी, लूट, धोखाधड़ी और कूटरचना सहित कुल 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस जांच में आरोपी का तरीका भी सामने आया है। वह अलग-अलग जगहों पर फर्जी पहचान बनाकर खुद को पुलिसकर्मी, डॉक्टर, वकील या शासकीय कर्मचारी बताता था। कई बार पुलिस की वर्दी का उपयोग कर अवैध वसूली और ठगी भी करता था।
इसके अलावा वह किराये पर कमरा लेकर स्थानीय लोगों से संपर्क बढ़ाता, उनका विश्वास जीतता और फिर परिचितों के वाहन लेकर फरार हो जाता था। सामान पहुंचाने के बहाने वाहन बुक कर चालकों को सुनसान जगह ले जाकर साथियों के साथ मारपीट और लूट की वारदातें भी करता था।
पुलिस का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और दोनों पिकअप वाहनों की बरामदगी संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई का परिणाम है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |