Since: 23-09-2009
ब्यौहारी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को ब्यौहारी में जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी। जल, जंगल और जमीन के लिए किए गए कार्यों के कारण वे पूजनीय हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बिरसा मुंडा की जयंती राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद आई सरकारों ने जनजातीय नायकों के योगदान को भुला दिया। अब सरकार इन नायकों को सम्मान देने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में देश के 8 से 10 राज्यों से कोल समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण और आदि पूजा से हुई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, जीवनशैली और वीरता की गाथाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 8.64 करोड़ रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण और 349.07 करोड़ रुपये के 72 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
उन्होंने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए। स्वामित्व योजना के तहत तीन हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, स्वरोजगार योजना में 20 लाख रुपये की सहायता, वनाधिकार अधिनियम के तहत अधिकार पत्र और आजीविका मिशन के तहत दो हितग्राहियों को 3-3 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क, ब्यौहारी में 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क, हनुमान मंदिर तक सड़क, शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक ऑडिटोरियम, संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहडोल में नए इंडस्ट्रियल पार्क का जल्द भूमिपूजन होगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी। सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगभग 4000 करोड़ रुपये की सौगात दी है। जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश में डेढ़ हजार कार्यक्रम होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवाएं फिर शुरू होंगी। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत अब तक 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है, लक्ष्य 50 लाख रजिस्ट्री का है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म किया है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |