Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर जिले के गांधीसागर में कैबिनेट बैठक के पश्चात नीमच जिले के रामपुरा स्थित ग्रीनको पावर प्लांट का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने परियोजना की एक इकाई का बटन दबाकर शुभारंभ किया। कुल नौ इकाइयों वाली इस परियोजना में से एक इकाई का परिचालन प्रारंभ हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिजली उत्पादन के क्षेत्र में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज एक नई और अभिनव तकनीक है। गांधीसागर में निर्मित इस परियोजना की कुल लागत 11 हजार 474 करोड़ रुपए है। इसके प्रारंभ होने के बाद प्रदेश में बिजली की मांग के पीक ऑवर्स में 2 हजार मेगावाट तक बिजली का उत्पादन होगा और मांग के अनुरूप तुरंत आपूर्ति की जा सकेगी। इससे प्रदेश में चौबीसों घंटे बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
नीमच जिले में ग्रीनको ग्रुप की 1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पर लगभग 11 हजार 500 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। पूर्ण होने पर यह परियोजना 1920 मेगावाट की पूर्ण क्षमता पर लगातार 6 घंटे तक विद्युत उत्पादन कर सकेगी। परियोजना रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक क्षेत्र में लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर स्थापित की जा रही है। यह देश ही नहीं, पूरे एशिया में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है।
परियोजना में दो जलाशय शामिल हैं। निचला जलाशय मौजूदा गांधीसागर जलाशय है, जिसकी कुल क्षमता लगभग 270 टीएमसी बताई गई है। परियोजना में गांधीसागर जलाशय से केवल 2.4 टीएमसी पानी का गैर-उपभोक्ता पुनः उपयोग किया जाएगा। यानी पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि उसे चक्रीय रूप में बार-बार इस्तेमाल किया जाएगा।
पंपिंग मोड में दिन या रात के समय ग्रिड से मिलने वाली अतिरिक्त सौर या पवन ऊर्जा से पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप करके संग्रहित किया जाएगा। टरबाइन मोड में अधिक मांग वाले पीक ऑवर्स के समय ऊपरी जलाशय से पानी निचले जलाशय में छोड़ा जाएगा, जिससे मोटर विपरीत दिशा में घूमकर टरबाइन के रूप में नवकरणीय बिजली का उत्पादन करेगी।
परियोजना की राउंड ट्रिप एफीशिएंसी लगभग 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसमें कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं, जिनसे कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट होगी। पंपिंग और उत्पादित बिजली की निकासी के लिए यह परियोजना 60 किलोमीटर दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400 केवी पीजीसीआईएल सब स्टेशन से जुड़ी है।
जून 2027 से पूरी परियोजना का कमर्शियल ऑपरेशन पूर्ण रूप से शुरू होगा। परियोजना में लगभग 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है। संचालन और रखरखाव शुरू होने पर इससे स्थायी रोजगार सृजित होंगे तथा क्षेत्र और संपूर्ण प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |