Since: 23-09-2009
ग्वालियर। तेजाब लेकर घर लौट रहे टेंट कारोबारी को मोटरसाइकिल से आए बदमाशों ने निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगने से घायल कारोबारी को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हमलावर कौन थे और घटना की वजह क्या है फरियादी पुलिस को बता नहीं सका। पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
हजीरा थाना क्षेत्र स्थित तानसेन नगर निवासी जितेन्द्र छापरिया 35 वर्ष टेंट कारोबारी है। रविवार दोपहर बारह बजे के करीब जितेन्द्र घर से तेजाब लेने के लिए निकला था। तेजाब लेकर जितेन्द्र वापस घर लौट रहा था। अभी वह आरामील से गुजर रहा था तभी उसको मोटर साइकिल से आए दो बदमाशों ने निशाना बनाकर पीछे से गोली मार दी। गोली मारने के बाद दोनों बदमाश मोटर साइकिल से भाग गए। जितेन्द्र को पहले तो पता ही नहीं लगा कि उसको गोली लग गई। जब थोड़ी देर बाद उसको कूल्हे में जलन महसूस हुई और देखा तो खून निकल रहा था। जितेन्द्र को राहगीरों ने बताया कि दो बदमाश गोली मारकर भागे हैं। पुलिस को तत्काल युवक को गोली मारने की सूचना दी। कारोबारी को परिजन ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे और उसे भर्ती कराया गया। जितेन्द्र ने पुलिस को किसी से दुश्मनी होने से इंकार किया है। जितेन्द्र को गोली क्यों मारी और किसने मारी इसकी पड़ताल की जा रही है। फरियादी की शिकायत पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 307 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |