Since: 23-09-2009
भोपाल, 22 अक्टूबर।* प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज एम्स भोपाल पहुंचे और ग्वालियर सड़क हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली और परिजनों से चर्चा की।
इस दौरान पटवारी ने कहा कि ग्वालियर का दर्दनाक हादसा 16 परिवारों के लिए कभी न भरने वाला दुख छोड़ गया है। गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करना पड़ा। यह हादसा प्रशासनिक विफलता का परिणाम है। यदि समय रहते उचित व्यवस्था और सतर्कता बरती जाती तो कई जानें बच सकती थीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रहे हादसे पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत, बालाघाट हादसा, इंदौर में दूषित पानी से मौतें, सागर शराब कांड, बैतूल में खाटू श्याम जा रहे परिवार का हादसा - इन सबने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पटवारी ने मांग की कि मृतकों के हर परिवार को कम से कम 25-25 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाए। केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, सरकार निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करे और भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के ठोस कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी सिर्फ मुआवजा घोषित करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिससे आम नागरिकों की जान सुरक्षित रहे। सड़क सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करना जरूरी है।
इस! दौरान मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |