Since: 23-09-2009
प्रदेश में हॉकी की प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से निखारने के लिए हॉकी इंडिया के एजुकेटर एवं पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी विक्रमकांत द्वारा फीडर सेंटर के कोचों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि इस प्रशिक्षण में प्रदेश के फीडर सेंटरों में कार्यरत कोचों को बच्चों की प्रारंभिक हॉकी ट्रेनिंग की आधुनिक और व्यवस्थित तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है। उद्देश्य है कि बच्चों को शुरुआत से ही सही तकनीक, बेसिक स्किल्स और खेल की मूलभूत बारीकियों के साथ प्रशिक्षित किया जाए।
मंत्री सारंग ने कहा कि विक्रमकांत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी खेल चुके हैं और कोचिंग एजुकेशन में अनुभवी हैं। वे हॉकी इंडिया की ओर से देशभर में कोचों को प्रशिक्षण देते हैं। वे कोचों को बता रहे हैं कि शुरुआती स्तर पर बच्चों को किस तरह अभ्यास कराया जाए और उनकी बुनियादी स्किल्स कैसे विकसित की जाएं।
उन्होंने कहा कि फीडर सेंटरों में बड़ी संख्या में छोटे बच्चों को प्रारंभिक ट्रेनिंग दी जाती है। ऐसे में कोचों की दक्षता बेहतर बनाना जरूरी है, ताकि बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा मिले और वे भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।
मंत्री ने बताया कि भोपाल में आयोजित महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप को मध्यप्रदेश खेल विकास के अवसर के रूप में ले रहा है। हर बड़े आयोजन को खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधोसंरचना के विकास से जोड़ा जा रहा है। इसी के तहत चैंपियनशिप के साथ कोचिंग की गुणवत्ता बेहतर बनाने की गतिविधियां भी चल रही हैं।
इस आयोजन से प्रदेश के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उच्च स्तरीय आयोजन, तकनीक और खेल वातावरण का अनुभव मिलेगा। इसका लाभ फीडर सेंटरों में प्रशिक्षण ले रहे बच्चों को भी मिलेगा।
यह प्रशिक्षण दो दिवसीय बैच में हो रहा है। एक बैच का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, दूसरे बैच का प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |