Since: 23-09-2009
भोपाल। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना और कृषि को समृद्ध बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने मंत्रालय में वेनगंगा कछार की निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा की।
मंत्री सिलावट ने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। परियोजनाओं का लाभ किसानों तक समय पर पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
*सिवनी-छिंदवाड़ा में 3 लाख हेक्टेयर को मिलेगी सिंचाई*
बैठक में पेंच व्यपवर्तन परियोजना की नहरों, छिंदवाड़ा सिंचाई परियोजना, पेंच माइक्रो-1 एवं माइक्रो-2, शेर सिंचाई परियोजना तथा मछरेवा एवं मांडवा सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में लगभग 3 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम होगी, फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और कृषि उत्पादन बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब से लागत बढ़ती है और किसानों को लाभ मिलने में देरी होती है। इसलिए बाधाओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए और कार्यों में बेहतर समन्वय रखा जाए।
*नहरों के रखरखाव और जल वितरण पर ध्यान दें*
मंत्री सिलावट ने कहा कि निर्माण के साथ ही नहरों के रखरखाव और जल वितरण व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उपलब्ध जल का अधिकतम सदुपयोग हो और लाभ अंतिम छोर के किसान तक पहुंचे। प्रत्येक बूंद का समुचित उपयोग विभाग की प्राथमिकता है।
*हर 15 दिन में होगी समीक्षा*
मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं के लिए परियोजनावार शेष कार्यों और पूर्णता की समय-सीमा के साथ व्यावहारिक कार्ययोजना बनाई जाए। हर 15 दिन में प्रगति की समीक्षा होगी। वरिष्ठ अधिकारी नियमित मैदानी निरीक्षण कर निर्माण की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता की जांच करें।
उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठकों की जानकारी और मैदानी कार्यों में समानता होनी चाहिए। अधिकारी केवल प्रतिवेदन पर निर्भर न रहें, निर्माण स्थलों पर जाकर जांच करें।
बैठक में प्रमुख सचिव संदीप यादव, प्रमुख अभियंता विनोद कुमार देवड़ा, मुख्य अभियंता सहित वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |