Since: 23-09-2009
भोपाल। लोक निर्माण विभाग की गुणवत्ता सुधार कार्ययोजना के तहत प्रदेश के सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया गया। एमपीआरडीसी के प्रबंध संचालक भरत यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा की और 22 कार्यों में सुधार कराने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंताओं के नेतृत्व में सात दलों ने 20 नवंबर को विदिशा, छिंदवाड़ा, मुरैना, बुरहानपुर, मैहर, मंदसौर और दमोह में यादृच्छिक रूप से चयनित कार्यों की गुणवत्ता जांची। इनमें पीडब्ल्यूडी सड़क एवं पुल शाखा के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के 5, एमपीआरडीसी के 6, भवन विकास निगम के 2 और राष्ट्रीय राजमार्ग का 1 कार्य शामिल था।
*मुरैना, बुरहानपुर और दमोह में कार्रवाई के निर्देश*
मुरैना में 3.50 किमी लंबे खेड़ा मेवदा-मीरापुर मार्ग और बुरहानपुर में 1.50 किमी लंबे बोहरदा-मोहनासंगम मार्ग का निर्माण संतोषजनक नहीं पाया गया। संबंधित कार्यपालन यंत्रियों, अनुविभागीय अधिकारियों और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने और दोनों ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बुरहानपुर में निंबोला-मगरूल-थाथरबाल्डी-उतांबी-बोरी बुजुर्ग मार्ग का मजबूतीकरण कार्य तथा नाचनखेड़ा-अडगांव और दरियापुर-जशोंधी मार्गों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इनके ठेकेदारों के विरुद्ध भी ब्लैकलिस्टिंग के निर्देश दिए गए।
दमोह में निर्माणाधीन 73.265 किमी लंबे दमोह-हटा-गैसाबाद-सिमरिया मार्ग के मामले में संबंधित कंसल्टेंट के विरुद्ध कार्रवाई और ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग के निर्देश दिए गए।
*विदिशा में गुणवत्तापूर्ण कार्य की सराहना*
विदिशा में निर्माणाधीन झारखेड़ा-बेरसिया-ढोलखेड़ी मार्ग का कार्य गुणवत्तापूर्ण पाया गया। इसके लिए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री दीपक असाटी की सराहना की गई।
*लोकपथ ऐप की शिकायतें 4 दिन में दूर करें*
प्रबंध संचालक यादव ने लोकपथ ऐप की शिकायतों का निराकरण 4 दिन की समय-सीमा में करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को देने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा। समीक्षा मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री स्तर पर होगी।
बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से तत्काल और स्थायी उपायों की कार्ययोजना बनाकर लागू करने को कहा गया। यादव ने एमपीआरडीसी की आगामी परियोजनाओं में मार्ग किनारे यात्री सुविधाओं और गौशालाओं के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |