Since: 23-09-2009
रायपुर, 22 अक्टूबर। किसानों को धान बेचने के लिए दूर न जाना पड़े और अपने गांव के पास ही खरीदी की सुविधा मिले, इसके लिए कबीरधाम जिले में सहकारी समितियों का बड़ा विस्तार किया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल से जिले में प्रदेश में सबसे ज्यादा 48 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है। साथ ही 37 नए धान उपार्जन केंद्र भी खोले गए हैं।
प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कुल 525 नई सहकारी समितियां गठित की गई हैं, जिनमें सबसे अधिक 48 समितियां अकेले कबीरधाम जिले में बनी हैं। इससे जिले में अब कुल समितियों और खरीदी केंद्रों की संख्या 145 हो गई है।
परिवहन खर्च और समय की बचत
नई समितियों और खरीदी केंद्रों के खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए नजदीकी विकल्प मिलेगा। इससे दूर के केंद्रों तक धान ले जाने में लगने वाला समय और परिवहन का खर्च दोनों कम होगा और किसान अपनी उपज आसानी से बेच सकेंगे।
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने खरीफ 2026-27 में धान खरीदी के सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी संचालन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
गांवों में पढ़कर सुनाई गई सूची
धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए जिले के सभी 145 पुराने और नए केंद्रों में ग्रामों के संलग्नीकरण का गैपिंग आदेश आज गांव-गांव में पढ़कर सुनाया गया। सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधियों और किसानों की मौजूदगी में सूची का वाचन किया गया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि गांवों का जुड़ाव किसानों की सुविधा के अनुसार और सर्वमान्य हो।
प्रशासन का कहना है कि नवीन समितियों और नए खरीदी केंद्रों की स्थापना किसानों को स्थानीय स्तर पर धान बेचने की सुविधा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |