Since: 23-09-2009
राजनांदगांव, 22 अक्टूबर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को राजनांदगांव में विभाग के निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिले में स्वीकृत, निर्माणाधीन और लंबित सड़कों, पुल-पुलियों और भवन निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पुराने और लंबित निर्माण कार्य आगामी दिसंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं। बारिश के कारण रुके हुए कार्यों को तुरंत शुरू कर तेजी लाई जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
गुणवत्ताहीन काम पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट
सचिव बंसल ने कहा कि जो ठेकेदार गुणवत्ताहीन काम कर रहे हैं या समय पर काम पूरा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट किया जाए। अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी और PWD के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी मौजूद रहे।
सड़कों के काम को दें प्राथमिकता
सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए सचिव ने कहा कि सड़कों के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन मिल सके। निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण कर तकनीकी मापदंडों के अनुसार गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। तकनीकी और प्रशासकीय समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए।
भवन निर्माण, मरम्मत और संधारण कार्यों की समीक्षा में भी उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और भौतिक व वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए।
दीपावली से पहले मजदूरी भुगतान के निर्देश
बंसल ने निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को दीपावली त्योहार से पहले मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मजदूरी समय पर मिलनी चाहिए, इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि PWD के कार्य सीधे नागरिकों की सुविधा और क्षेत्र के विकास से जुड़े हैं, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से काम करें और गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करें।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |