Since: 23-09-2009
भोपाल, 22 अक्टूबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर मध्यप्रदेश के विकास को गति दे रही हैं। ग्वालियर को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का प्रमुख केंद्र बनाने और जबलपुर-इंदौर आर्थिक कॉरिडोर से प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
मुख्यमंत्री बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में फेडरेशन ऑफ एमपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के दो दिवसीय विकसित भारत उद्योग-व्यापार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में उद्यमियों ने 7500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव रखे।
12 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर
सीएम ने कहा कि ढाई साल में प्रदेश में 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं। पारदर्शी नीतियों से उद्योग स्थापना में आसानी हुई है और सभी सेक्टर्स में एमपी अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। रोजगार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हर दिन निवेश संवर्धन कार्यक्रम हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महाकौशल और मालवा को जोड़ने वाला जबलपुर-इंदौर कॉरिडोर रायसेन जैसे जिलों को भी लाभ पहुंचाएगा, जो बीच में स्थित हैं और अभी सघन आर्थिक गतिविधियों से वंचित हैं। इससे पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश के विकास का यही सही समय है।
उद्योग जगत लाता है सुख का सवेरा
सीएम ने कहा कि उद्यमी निवेश के जरिए नागरिकों के जीवन में सुख का सवेरा लाते हैं। व्यापार-उद्योग के पुण्य कार्य से लाखों परिवारों की जीविका चलती है। पीएम नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया लक्ष्य को पूरा करने में उद्योग जगत की भूमिका सराहनीय है। पीएम के नेतृत्व में दुनिया के बड़े देश भारत को सम्मान से देखने लगे हैं।
एमपी का मॉडल अपना रहे अन्य राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में दूसरी बार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट हो रही है। रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव का एमपी मॉडल अन्य राज्यों ने पसंद किया है और कई राज्य इसे अपना रहे हैं। बीना में 50 हजार करोड़ की डाउनस्ट्रीम रिफाइनरी से हर साल 22 लाख टन से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार होंगे, जिससे देश-प्रदेश दोनों के विकास को गति मिलेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने फेडरेशन के प्रकाशनों का विमोचन किया। एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री ने निवेश के अनुकूल वातावरण बनाया है। रीजनल डेवलपमेंट प्लान और मेट्रोपॉलिटन एरिया जैसी अभिनव पहल से उद्योग-व्यापार में विश्वास का माहौल बना है। सम्मेलन में एक दर्जन फेडरेशन से जुड़े सैकड़ों उद्यमी शामिल हुए।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |