Since: 23-09-2009
भोपाल/इंदौर, 23 अक्टूबर।* मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 में पहले दिन लगभग 5,800 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 10 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो दिवसीय समिट का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सेमीकंडक्टर में आत्मनिर्भर बन रहा है। मध्यप्रदेश भी प्रमुख तकनीकी केंद्र बनने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में ढाई साल में 25 से अधिक निवेशोन्मुख नीतियां बनी हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले 34 लाख करोड़ के प्रस्तावों में से 30 प्रतिशत से अधिक धरातल पर उतर चुके हैं।
*मुख्य घोषणाएं -*
- सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना - चिप डिजाइन, VLSI, R&D और कौशल विकास के लिए।
- फोटोनिक्स एवं क्वांटम टेक्नोलॉजीज सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना।
- इंदौर-उज्जैन इकोनॉमिक कॉरिडोर में सेमीकंडक्टर, एडवांस पैकेजिंग और हाई-टेक उद्योगों को प्राथमिकता।
मुख्यमंत्री ने जापानी, ताइवानी और कोरियाई भाषा में MP सेमीकंडक्टर नीति-2025 का विमोचन किया और 57 प्रदर्शकों वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया। MP सेमीकॉन स्टार्टअप चैलेंज में 10 फाइनलिस्ट को कुल 6 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।
*5 कंपनियों को जमीन के LOI, 9625 करोड़ का निवेश*
समिट में 5 कंपनियों को जमीन आवंटन के आशय पत्र दिए गए, जिनसे 9,625 करोड़ का निवेश और 4,450 रोजगार प्रस्तावित हैं -
- साइटैक RE - ग्वालियर में 6,415 करोड़ से 50 MW हाइपरस्केल डेटा सेंटर
- उना इको सिस्टम्स - भोपाल EMC-2 में 2,000 करोड़ से लिथियम सेल यूनिट
- औरिगा IT सॉल्यूशंस - इंदौर में 500 करोड़ से ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, 3500 नौकरियां
- मीना सर्किट्स - 400 करोड़ से ESDM यूनिट
- केन्स इलेक्ट्रॉनिक्स - भोपाल में 310 करोड़ से इलेक्ट्रॉनिक्स यूनिट, 950 नौकरियां
इसके अलावा इंदौर IT पार्क-4 में 7 कंपनियों को 44,815 वर्गफुट ऑफिस स्पेस के LOI दिए गए, जिनसे 1280 नौकरियां बनेंगी।
*वन-टू-वन बैठकें*
मुख्यमंत्री ने 12 से अधिक कंपनियों से वन-टू-वन बैठक की। लालवाला इंडस्ट्रीज (1200 करोड़, 300 रोजगार), स्पिंट्रॉनिक्स AI (1800 करोड़), इंडसिलिका (100 करोड़) समेत कई प्रस्ताव मिले।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीन बख्शी ने कहा कि MP की नीति देश में श्रेष्ठ है और परिचालन लागत 30 प्रतिशत कम है।
MPSEDC ने कौशल और निवेश के लिए 5 संस्थानों - इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल, SEMI इंडिया, SCL मोहाली, इंटरनेशनल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री ग्रुप लंदन और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज से MoU किए।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |